Deoli News 3 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) दूनी कस्बे में सोमवार रात सोते वक्त एक वृद्ध के दोनों कानों की एक तोला की मुर्किया छीनकर बदमाश फरार हो गया है। दरअसल बीती रात डेढ़ बजे वृद्ध चिल्लाया, जिसकी आवाज सुनकर मोहल्ले में लोगों को वारदात की जानकारी मिली।
इस दौरान वृद्ध मोहल्लेवासियों को मदद से अस्पताल पहुंचा। जानकारी के अनुसार दूनी कस्बे के आवा रोड निवासी 70 वर्षीय रंगलाल पुत्र रामनाथ गुर्जर सोमवार रात को अपने मकान पर अकेला सो रहा था। रात डेढ़ बजे एक युवक मुख्य दरवाजा खोलकर अंदर घुसा। दरवाजा खुलने की आवाज सुनकर वृद्ध जाग गया। वृद्ध के पुत्र जयपुर में मजदूरी करते है। इस दौरान वृद्ध ने सोचा कि जयपुर से उसके पुत्र आए होंगे। यह सोचकर गेट के पास आ गया। जहां दरवाजे के पीछे छिपे युवक ने दोनों कानों की मूर्तियां छीनकर भागने का प्रयास किया। वहीं वृद्ध से धक्का मुक्की कर मुर्किया छीनकर आरोपी फरार हो गया।
वारदात के बाद वृद्ध चिल्लाया तो कॉलोनी के लोग एकत्र हुए। वहीं सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। थानाप्रभारी सरवर खा का कहना है कि कुछ लोगों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। शीघ्र ही मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।


