गुरुवात रात हुई थी बगीची बालाजी परिसर में बैठक
व्यापारियों ने रखी मतदान करवाने की बात
Deoli News 21 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर में व्यापार महासंघ अध्यक्ष चांदमल जैन के निधन के बाद खाली हुए अध्यक्ष के पद के लिए गुरुवार रात व्यापारियों की बैठक हुई। इसमें अध्यक्ष पद के लिए आम सहमति नहीं बनी।
बैठक की अध्यक्षता के लिए रमेश जिंदल ने की। यहां चांदमल जैन को मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। इसी के साथ राजीव भारद्वाज ने कहा कि बैठक में अध्यक्ष का मनोनयन होता है तो महासंघ की पूर्व कार्यकारिणी को भंग माना जाएगा। वहीं नवीन अध्यक्ष अपनी कार्यकारिणी का मनोनयन कर सकेगा। बैठक में व्यापार महासंघ अध्यक्ष पद के लिए प्रस्तावकों ने पंकज जैन, सुरेश अग्रवाल, रमेश जिंदल, महावीर डाबर, सुनील सिंहल, अमित बड़जात्या, जसवंत सिंह चौहान, सुरेंद्र डीडवानिया, ओम मंगल, मुकेश गर्ग, दिनेश जैन के नाम रखे। आम सहमति पर सुरेंद्र डीडवानिया, मुकेश गर्ग, ओम मंगल, अमित बड़जात्या, रमेश जिंदल व सुरेंद्र डीडवानिया ने नाम वापस ले लिया। जिसके बाद सुरेश अग्रवाल, जसवंत सिंह चौहान, सुनील सिंहल, महावीर जैन डाबर, पंकज जैन व दिनेश जैन के नाम रहे।
आम सहमति के लिए रमेश जिंदल ने पांच व्यक्तियों की कमेटी बनाई, जिसमें बनवारी गुप्ता, बनवारी मंगल, राधेश्याम मालू, गणतंत्र एवं कृष्ण गोपाल शर्मा को नामित किया गया। कमेटी के पांचो व्यक्तियों द्वारा प्रयास करने के बावजूद भी आम सहमति नहीं बन पाई। जिसके चलते अध्यक्ष का चुनाव अधूरा रह गया। हालांकि इस दौरान कई बार व्यापारियों के बीच नोक झोंक की स्थिति भी आई तथा व्यापारियों ने अभद्र भाषा का उपयोग भी किया, लेकिन दूसरे व्यापारियों ने आपस में समझाइश कर माहौल को शांत कराया। इस दौरान कई व्यापारियों ने मतदान करवाने की बात रखी।



