Deoli News 15 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) सोमवती अमावस्या के अवसर पर सोमवार को क्षेत्र के कुचलवाड़ा स्थित बीजासन माता मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इस विशेष मौके पर आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों और शहर से हजारों की संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और माता के दरबार में मत्था टेककर सुख-समृद्धि की कामना की।
मंदिर परिसर में इस दौरान मेले का आयोजन भी हुआ, जिसमें विभिन्न प्रकार की दुकानें सजी थीं। दिनभर चले दर्शनों के दौर में श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में पहुंचकर नारियल और प्रसाद अर्पित किया तथा मंदिर की परिक्रमा कर पुण्य लाभ अर्जित किया। दूसरी ओर कुचलवाड़ा रोड स्थित विद्युत निगम कार्यालय में विराजमान श्री सांवरिया सेठ के मंदिर में भी सोमवती अमावस्या को लेकर विशेष आयोजन हुए। इस मौके पर भगवान सांवरिया सेठ का भव्य और मनमोहक श्रृंगार सजाया गया, जिसे देखकर श्रद्धालु निहाल हो गए। मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे भक्तों को प्रसाद के रूप में खीर वितरित की गई। उल्लेखनीय है कि सांवरिया सेठ का यह मंदिर विद्युत निगम के सामने निर्माणाधीन है।
जिसका कार्य इन दिनों पूरी तेजी के साथ प्रगति पर है। सोमवती अमावस्या के इस संयोग पर मंदिरों में हुई विशेष पूजा-अर्चना और मेलों से क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा। सोमवती अमावस के मौके पर देवली गौशाला में गायों को चारा डाला गया।


