Deoli News 5 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राजस्थान शिक्षक संघ शेखावत ब्लॉक देवली के अध्यक्ष शिशुपाल चौधरी के नेतृत्व में मंगलवार को मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी देवली को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौपा गया।
ज्ञापन में शिक्षकों की लंबित मांगों के निस्तारण की मांग की गई है और चेतावनी दी गई है कि मांगें पूरी न होने पर व्यापक आंदोलन किया जाएगा। शिक्षक संघ की मुख्य मांगों में पारदर्शी स्थानांतरण नीति लागू करना, भ्रष्टाचार पर रोक लगाना, डिजायर व्यवस्था और प्रतिबंधित जिलों की अवधारणा समाप्त करना शामिल है। इसके अलावा, शिक्षकों की बकाया पदोन्नति शीघ्र करने, प्रबोधकों की नियमित डीपीसी और प्रथम नियुक्ति के आधार पर क्रमिक पदोन्नति सुनिश्चित करने की मांग की गई है। संगठन ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की समीक्षा करने और इसे लागू न करने की मांग की है, साथ ही शिक्षा के निजीकरण पर रोक लगाने और सार्वजनिक शिक्षा को सुदृढ़ करने की मांग की है।
शिक्षकों को गैर-शैक्षिक कार्यों से मुक्त करने, ऑनलाइन प्रशिक्षण बंद करने, और स्कूलों में कंप्यूटर शिक्षक नियुक्त करने की भी मांग की गई है। वहीं संगठन ने पुरानी पेंशन योजना में छेड़छाड़ न करने और कर्मचारियों की जमा राशि PFRDA से वापस लेने की मांग की है। एक लाख रिक्त पदों पर स्थाई भर्ती शुरू करने, संविदा भर्ती बंद करने, और स्कूलों में लिपिक व सहायक कर्मचारी नियुक्त करने सहित एक दर्जन मांग की गई है। इस दौरान संगठन मंत्री शंकर हाडा, कोषाध्यक्ष सत्यप्रकाश माहेश्वरी, अरुण, बलवीर मीणा, अनीता वर्मा, सुभद्रा चौहान, राजेंद्र टेलर, मुकेश मीणा सहित कई शिक्षक उपस्थित थे।
राजकीय महाविद्यालय में पौधारोपण हुआ
राजकीय महाविद्यालय देवली में राष्ट्रीय सेवा योजना की प्रथम एवं द्वितीय इकाई द्वारा “हरयालो राजस्थान” एवं “एक पेड़-माँ के नाम” पखवाड़े के तहत पौधारोपण हुआ। यहां चाँदनी, गुलाब, और चम्पा सहित पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य प्रो. पूरणमल वर्मा के मार्गदर्शन में किया गया, जबकि कार्यक्रम अधिकारी निकिता वर्मा और रामप्रसाद चौधरी ने इसका निर्देशन किया। यहां सहायक आचार्य सुमन मीणा, सत्यनारायण मीणा, निशा मीणा, डॉ. प्रियंका जैन, और रविंद्र जांगिड़ सहित उपस्थित थे।



