देवली में दशलक्षण महापर्व पर श्रावक संस्कार शिविर
Deoli News 15 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) यहां चातुर्मास कर रहे मुनि वैराग्य सागर महाराज एवं मुनि सुप्रभ सागर महाराज के सान्निध्य में दशलक्षण महापर्व पर 16 सितम्बर से श्रावक संस्कार शिविर शुरू होगा।
अंकित जैन (डाबर) ने बताया कि शिविर में प्रतिभागियों को दस दिनों तक तप, त्याग एवं श्रावक की साधना पद्धति का प्रशिक्षण दिया जाएगा। शिविर में शामिल साधक ब्रह्म मुहूर्त में उठकर प्रार्थना, प्रतिक्रमण, सामायिक एवं ध्यान करेंगे। इसके बाद भगवान की पूजा-अर्चना की जाएगी। दोपहर में विशेष शिक्षण कक्षा के साथ तत्त्वार्थ सूत्र का वाचन एवं अर्थ समझाया जाएगा। संध्याकाल में पापों की आलोचना तथा आत्मशुद्धि के लिए ध्यान कराया जाएगा। शिविर में भाग लेने वाले साधक घर का त्याग कर शिविर स्थल पर ही रहेंगे। इस दौरान चटाई पर रात्रि विश्राम, एक समय शुद्ध भोजन सहित विभिन्न कठिन साधनाओं का पालन किया जाएगा।
भौतिक साधनों से दूर रहकर आत्मशांति की प्राप्ति करना शिविर का मुख्य उद्देश्य है। शिविर में भाग लेने के लिए लोग देवली पहुंच रहे हैं। शिविर का 24 घंटे निर्देशन पं. अंकित शास्त्री दमोह द्वारा किया जाएगा।


