लक्खी मेला, कांवड़ यात्रा को लेकर शांति समिति की बैठक हुई
Desk News 9 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) पंचायत समिति मालपुरा में शुक्रवार को जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट डॉ. सौम्या झा व पुलिस अधीक्षक संजीव नैन ने संयुक्त रूप से 59 वीं डिग्गी लक्खी मेला व मालपुरा में आने वाली कांवड़ यात्रा सहित आगामी त्योहारों में शांति व सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर शांति समिति की बैठक ली।
कलक्टर ने कहा कि 11 अगस्त को जयपुर से 59 वीं लक्खी पदयात्रा रवाना होगी। जिसमें लाखों की संख्या में पदयात्री श्रीकल्याण जी के दर्शनों के लिए आएंगे। यह पदयात्रा 11 से 15 अगस्त तक चलेगी। इस दौरान डिग्गी आने वाले सभी पदयात्रियों व श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े। इसकी जिम्मेदारी अधिकारियों सहित आमजन की भी है। कलक्टर ने मालपुरा में 12 अगस्त को आने वाली कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर शांति समिति के सदस्यों से सुझाव मांगे। पुलिस अधीक्षक संजीव नैन ने कहा कि यात्राओं को लेकर आमजन को किसी भी तरह की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।
इसे लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। बैठक में सदस्यों ने डिग्गी कल्याण यात्रा के दौरान पार्किंग व्यवस्था, चांदसेन बांध पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था, जल भराव वाले स्थानों एवं रपटों पर चेतावनी बोर्ड, अतिक्रमण, जंगल कटाई के संबंध में आवश्यक सुझाव दिए। मालपुरा के बृजलालनगर क्षेत्र, बस स्टैंड क्षेत्र, महावीर मार्ग, जनता कॉलोनी में बरसात के पानी की समुचित निकासी की व्यवस्था करवाने की मांग की। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर बीसलपुर पुनर्वास व डिग्गी मेला प्रभारी हरिताभ आदित्य, जिला परिषद की सीईओ प्रतिष्ठा पिलानिया, कार्यवाहक एसडीएम कपिल शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकुमार कस्वा, पुलिस उपाधीक्षक महेंद्र कुमार मीणा, तहसीलदार राहुल पारीक, विकास अधिकारी सतपाल सहित सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारी व शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे।



