Deoli News 3 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) श्री हनुमान जन्मोत्सव के मौके पर इस बार आगामी 22 अप्रैल को देवली के बावड़ी बालाजी मंदिर समिति की ओर से कई धार्मिक आयोजन होंगे।
कार्यक्रम के अनुसार 22 अप्रैल को मंदिर परिसर से अपरान्ह 3 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। इसी दिन रात 8 से भजन संध्या होगी। उक्त भजन संध्या में टोंक से भजन गायक पायल साहू, देवली के राहुल अग्रवाल, निक्की मंगल, विप्रांश वैष्णव भजनों की प्रस्तुत देंगे। उक्त कार्यक्रम का आयोजक बालाजी सेवा मंडल देवली होगा।
दशा माता का व्रत किया
शहर में महिलाओं ने दशा माता के दिन बुधवार को पीपल को सूत का धागा बांधकर परिक्रमा की, कहानियां सुनी। परिवार की दशा सुधारने और खुशहाली के लिए महिलाओं ने दशा माता का पूजन किया। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में हुए पूजन में महिलाएं शामिल हुईं।
महिलाओं ने पीपल के पेड़ का पूजन कर उस पर कच्चा सूत लपेटकर परिक्रमा की। दशा माता की कथा सुनी। महिलाओं ने पूजन के लिए व्रत रखा। इस व्रत में नमक का सेवन नहीं किया। पीपल का पूजन करने से इसे पीपल दशा भी कहा जाता है। पंडितों के अनुसार नौ ग्रह और नौ देवियों को प्रसन्न करने के लिए यह पूजन-व्रत किया जाता है। कई महिलाएं गुरुवार को भी दशा माता की पूजा करेगी।



