Deoli News 13 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) हनुमान नगर थाना क्षेत्र के सावर रोड पर शुक्रवार सुबह सड़क किनारे एक युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला है।
सूचना पर हनुमान नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्ती और जांच के प्रयास शुरू कर दिए। पुलिस ने बताया कि यह शव सावर रोड पर जेएमडी ईंट भट्ठे के करीब देवली से सावर की ओर सड़क के दाई और पड़ा हुआ मिला। युवक की उम्र 35 से 40 वर्ष होने का अनुमान है। जिसने शर्ट व लोवर पहन रखा है। वहीं युवक के दाएं हाथ पर अंग्रेजी में एनकेबी और एसडी लिखा है। यह शव सड़क से करीब 10 फीट दूर है। फिलहाल यह पूरा मामला संदिग्ध नजर आ रहा है।
हनुमान नगर पुलिस भी दुर्घटना और हत्या दोनों दृष्टिकोण से मामले की जांच कर रही है। फिर भी युवक की पहचान होने के बाद मामले की परत खुल सकेगी कि वह कौन है और यहां तक कैसे से आया है। उक्त मामले की सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शाहपुरा और पुलिस उपाधीक्षक जहाजपुर नरेंद्र पारीक मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी जुटाई। फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने क्राइम सीन को चिन्हित किया है। वही भीलवाड़ा जिला मुख्यालय से एफएसएल की टीम को बुलाया गया है, जो साक्ष्य जुटाएगी।



