जलेरी में खेत पर मृत मिला किसान
Deoli News 10 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) दूनी-घाड-नगरफोर्ट मार्ग पर गुरुवार रात सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मृतक युवक चंदवाड गांव में एक शादी समारोह में पत्नी व बच्चियों के साथ आया था।
थाना प्रभारी देवेंद्रसिंह ने बताया कि मृतक मूलतः खोद गांव तहसील पाटोदी जिला गुड़गांव हरियाणा निवासी विजय कुमार (26) पुत्र रमेश चंद धानक है, जो हाल निवासी बापू नगर कच्ची बस्ती कुन्हाड़ी कोटा है। वह गत 15 सालों से कोटा में अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रहकर ठेले पर प्याज बेचने का काम करता था। इसी मकान में रहने वाले बालेता रोड कच्ची बस्ती निवासी निहाल चंद्र पुत्र लोडकया बैरवा के साथ वह घाड थाना क्षेत्र चंदवाड गांव में अपने रिश्तेदार के यहां शादी में शरीक होने आया था। युवक बीती रात घाड से बाइक पर सवार होकर चंदवाड जा रहा था। उसकी बाइक अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा गिरी। जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मृतक के तीन पुत्रियां हैं। इसी तरह घाड थाना क्षेत्र के जलेरी गांव निवासी गोकुल (48) पुत्र छोगाराम भील रोजाना की तरह गुरुवार रात को अपने खेत पर सब्जी की फसल की रखवाली करने गया था। शुक्रवार को सुबह जब परिजन खेत पर पहुंचे तो किसान गोकुल मृत मिला। जिसे कस्बे के सीएचसी अस्पताल लाया गया। जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।




