Deoli News 4 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) सावन के चौथे सोमवार को बीसलपुर बांध स्थित गोकणेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान लोग न केवल भगवान शिव के दर्शन करने के लिए मंदिर पहुंचे, बल्कि बीसलपुर बांध के रेडियल गेट से पानी निकासी का नजारा देखने के लिए भी बड़ी संख्या में लोग जमा हुए।
बीसलपुर बांध स्थल पर काफी भीड़ रही, जिसमें पर्यटन और दर्शनों के लिए पहुंचे लोग शामिल थे। बीसलपुर चौकी प्रभारी गणेश लाल ने पुलिसकर्मियों के साथ यातायात व्यवस्था संभाली और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की। गोकर्णेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव की पूजा-अर्चना करने के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं। यह मंदिर बनास नदी के बीसलपुर बांध पर स्थित है और लाखों लोगों की आस्था का केंद्र है। बता दे कि अंतिम सोमवार के चलते भगवान शिव के मंदिर में दर्शनों के लिए भीड़ उमड़ पड़ी। रक्षाबंधन पर सावन मास का समापन होगा। इसी तरह पेच की बावड़ी स्थित शिव मंदिर, गाडौली नीलकंठ महादेव मंदिर, बस स्टैंड नीलकंठ महादेव मंदिर में भी श्रद्धालुओं की खासी भीड़ रही। फिलहाल बीसलपुर बांध पर गेट संख्या 9 और 10 खोलकर अतिरिक्त पानी की निकासी की जा रही है। जबकि त्रिवेणी पर नदी का गेज 3.10 मीटर है।



