मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना
Desk News 30 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) सहकारिता मंत्री गौतम कुमार दक ने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा राजस्थान के किसानों के लिए मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का शुभारम्भ करेंगे। टोंक के कृषि उपज मण्डी परिसर में 30 जून को राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन किया जा रहा है।
जिसमें प्रदेश के 65 लाख से अधिक किसानों को योजना के तहत प्रथम किश्त के रूप में 650 करोड़ रुपए से अधिक की राशि का सीधा उनके बैंक खातों में हस्तान्तरण किया जायेगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने प्रदेश की विषम भौगोलिक परिस्थितियों एवं किसानों की कृषि संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए किसानों को प्रतिवर्ष 2 हजार रुपए की अतिरिक्त राशि देने का निर्णय लिया है। पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत प्रदेश के 65 लाख से अधिक पात्र लाभार्थी किसानों को इसका फायदा मिलेगा। दक ने बताया कि किसानों को प्रथम किश्त के रूप में एक हजार रुपए तथा दूसरी व तीसरी किश्त के रूप में 500-500 रुपए उनके खातों में पीएम किसान सम्मान निधि योजना की किस्त के साथ हस्तांतरित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश का किसान अब सम्मान के साथ कृषि संबंधी आवश्यकताओं को पूरी कर पाएगा।
सहकारिता मंत्री ने बताया कि प्रदेश में किसानों को ग्राम सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से किराए पर उच्च तकनीक से युक्त कृषि उपकरण उपलब्ध कराने के लिए कस्टम हायरिंग सेंटर की स्थापना की जा रही है। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा राज्य स्तरीय समारोह में 21 कस्टम हायरिंग सेंटर्स की सौगात देंगे। कस्टम हायरिंग सेंटर स्थापित करने के लिये प्रत्येक ग्राम सेवा सहकारी समिति को 8 लाख रुपए का अनुदान दिया जाएगा।


