Tonk News 16 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) गृह, गोपालन, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने जिले के सभी अधिकारियों को कहा कि सुशासन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। आमजन की जनकल्याणकारी योजनाओं की क्रियान्वितति में लापरवाही एवं शिथिलता को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बेढ़म ने कलेक्ट्रेट सभागार में केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। मंत्री ने जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा से विकसित भारत संकल्प यात्रा में जिले की प्रगति की जानकारी ली तथा कहा कि शिविरों में योजनाओं के लाभ से वंचित रहे लोगों को भी जोड़ा जाएं। कोई भी पात्र व्यक्ति छूटे नहीं। बेढ़म ने जिले में सोशल मीडिया अवेयरनेस एवं साइबर क्राइम को रोकने के लिए पुलिस अधीक्षक राजर्षि राज वर्मा को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि पुलिस उच्च माध्यमिक विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में छात्र-छात्राओं में सोशल मीडिया अवेयरनेस को लेकर जागरूकता कार्यक्रम चलाएं।
अभिभावकों को भी गाइड करें। साइबर क्राइम घटित होने के बाद पीड़ित राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल एवं 1930 पर कॉल शिकायत कैसे करें, इसे लेकर प्रचार-प्रसार करें। उन्होंने धारा 173 (8) में जिले में दर्ज मुकदमों की समीक्षा करने के लिए निर्देशित किया। जल जीवन मिशन में जिले में रोड कटिंग के बाद सड़कों को दुरस्त नहीं किए जाने की मिल रही शिकायतों को बेढ़म ने गंभीरता से लेते हुए जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता को फील्ड में जाकर मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही जल जीवन मिशन में जल कनेक्शन के लिए ग्राम पंचायतवार कितना पैसा जमा हुआ इसकी रिपोर्ट जिला कलक्टर को देने के निर्देशित किया। उन्होंने जिला कलक्टर को चारों विधानसभाओं में प्रशासनिक, टेक्निकल एवं दो स्थानीय जनप्रतिनिधियों की कमेटी गठित कर जेजेएम के तहत हुए कामों की रेंडमली जांच करने के निर्देश दिए। साथ ही, जांच में जो भी दोषी पाए जाएं उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएं। पशुपालन विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. छोटे लाल बैरवा को सर्विस डिलिवरी बेहतर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगर जानकारी के अभाव में किसी पात्र व्यक्ति का आवेदन निरस्त हो जाता है तो उसको ठीक प्रकार से जानकारी देकर योजना से लाभान्वित करें। स्थानीय स्तर पर नवाचार कर पशुपालकों को लाभान्वित करें। इसी तरह राज्य मंत्री ने विद्युत विभाग के अधिशाषी अभियंता को केंद्र सरकार से विद्युत लाइनों के मेंटेंनेस के लिए प्राप्त धन राशि का समुचित उपयोग कर आगामी एक माह में अभियान चलाकर पूरा करने पर जोर दिया।
समीक्षा बैठक में सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया, जिला प्रमुख सरोज बंसल, निवाई-पीपलू विधायक रामसहाय वर्मा, पूर्व विधायक अजीत सिंह मेहता, पूर्व सभापति लक्ष्मी जैन, राजेंद्र पराणा, विजय सिंह बैंसला, रामचंद्र गुर्जर, पूर्व प्रधान खेमराज मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।


