Deoli News 31 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) ब्लॉक की विभिन्न स्कूलों में राष्ट्रीय एकता दिवस और सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर प्रखर राजस्थान 2.0 मेगा पीटीएम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपनी शैक्षिक प्रगति का प्रदर्शन किया और राष्ट्रीय एकता की शपथ ली।
पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय दूनी में राष्ट्रीय एकता दिवस पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी प्रधान लाल मीणा ने राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाकर सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन किया। इस अवसर पर पोस्टर और स्लोगन प्रदर्शनी का अवलोकन कर एकता दौड़ को हरि झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गांवड़ी में एसीबीईओ अरुण शर्मा द्वारा मेगा पीटीएम का अवलोकन किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी शैक्षिक प्रगति का प्रदर्शन किया और राष्ट्रीय एकता की शपथ ली। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बीजवाड में राष्ट्रीय एकता दिवस और सरदार पटेल की जयंती पर प्रखर राजस्थान 2.0 मेगा पीटीएम आयोजित की गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने कहानी, कविता और बाल गीत प्रस्तुत किए।
प्रधानाचार्य प्रेमलाल मीना ने बच्चों के साथ प्रतिदिन चलने वाली गतिविधियों पर चर्चा की और राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। यहां बालकों को सेवानिवृत्ति पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय थावला के शिक्षक हरजीलाल धाकड़ द्वारा श्रीकृष्ण भोग योजना में मिठाई सब्जी पूड़ी का भोजन करवाया गया। पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय देवली में NSS+2 का द्वितीय एक दिवसीय शिविर का शुभारंभ सरदार बल्लभभाई पटेल की जयंती पर एकता दिवस मनाने के साथ किया गया। सुबह 7 बजे स्वसेवकों के द्वारा रन फॉर यूनिटी की रैली निकाली गई।

स्थानीय विद्यालय पहुंचकर किचन गार्डन में अमरूद और आंवला के 25 पौधे लगाए गए। राष्ट्रीय एकता दिवस पर स्वयंसेवकों को शपथ दिलाई और निबंध प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया।


