Saturday, April 18, 2026
No menu items!
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
HomeHealth newsहीटवेव को लेकर चिकित्सा विभाग अलर्ट मोड पर

हीटवेव को लेकर चिकित्सा विभाग अलर्ट मोड पर

  • अतिरिक्त मुख्य सचिव ने दिए पुख्ता तैयारियों के निर्देश

  • लू एवं गर्मी जनित बीमारियों से बचाव के लिए

  • हर जिले का बनेगा एक्शन प्लान


Dask News 16 अप्रेल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) केंद्र सरकार की ओर से इस वर्ष गर्मी एवं लू का प्रभाव अत्यधिक रहने का अलर्ट जारी होने के बाद चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने प्रदेश में आमजन को गर्मी एवं लू जनित बीमारियों से बचाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं।

अतिरिक्त मुख्य सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य शुभ्रा सिंह ने इस संबंध में एक उच्च स्तरीय बैठक में चिकित्सा विभाग को अलर्ट मोड पर रहने एवं सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सिंह ने कहा कि भारत सरकार की ओर से जारी अलर्ट के अनुसार राजस्थान को गर्मी एवं लू से सर्वाधिक प्रभावित प्रदेशों के श्रेणी में माना गया है। प्रदेश में अप्रेल से जून माह के बीच गर्मी एवं हीटवेव का अत्यधिक प्रकोप रहने की संभावना व्यक्त की गई है। इसे ध्यान में रखते हुए आमजन को हीटवेव संबंधी बीमारियों से बचाने एवं उपचार के लिए सभी पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं।

रेपिड रेस्पॉन्स टीमों का गठन करें, उपचार के लिए बनाएं प्रभावी प्रोटोकॉल

अतिरिक्त मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि हर जिले का हीट एक्शन प्लान बनाया जाए। साथ ही, रेपिड रेस्पॉन्स टीमों का गठन किया जाए। तेज गर्मी एवं लू के कारण होने वाली बीमारियों की जांच, दवा एवं उपचार का एक प्रभावी प्रोटोकॉल तैयार किया जाए। साथ ही अस्पतालों में जांच, दवा एवं उपचार के लिए सभी प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। जिला औषधि भण्डार गृहों एवं अस्पतालों में दवाओं एवं जांच किट्स का पर्याप्त स्टॉक रहे।

हीटवेव से सर्वाधिक प्रभावित वर्गों को चिन्हित करें

सिंह ने कहा कि लू एवं गर्मी से संबंधित बीमारियों से बचाव के लिए आमजन को जागरूक करना आवश्यक है। इसके लिए प्रदेशभर में व्यापक रूप से आईईसी गतिविधियां की जाएं। बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं एवं गंभीर बीमारियों से ग्रसित रोगियों सहित अन्य ऐसे वर्ग जिन्हें हीटवेव से अत्यधिक खतरा है, उन्हें चिन्हित कर लू एवं गर्मी से बचने तथा जरूरी उपाय अपनाने के लिए जागरूक किया जाए। उन्होंने चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ एवं अन्य संबंधित पक्षों को आवश्यक प्रशिक्षण दिए जाने के भी निर्देश दिए।

बैठक में अतिरिक्त निदेशक, अस्पताल प्रशासन डॉ. सुशील कुमार परमार, एनपीसीसीएचएच के स्टेट नोडल ऑफिसर डॉ. आर. एन. मीणा, यूनिसेफ के डॉ. अनिल अग्रवाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

%d