Deoli News 1 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली में मौजूदा राजकीय अस्पताल को यथावत रखने और शहर के करीब नई जगह चिन्हित करने की कवायद के बीच राजस्थान सरकार के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं चिकित्सा विभाग ने देवली में नए उप जिला अस्पताल के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस परियोजना के लिए 33.60 करोड़ रुपए की निविदा हाल ही में जारी की गई है।
जिसके तहत 100 से 150 बेड क्षमता वाला आधुनिक अस्पताल तैयार किया जाएगा। यह अस्पताल ईपीसी मॉडल पर विकसित होगा, दरअसल भवन निर्माण से लेकर मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, मेडिकल गैस पाइपलाइन, विद्युत व्यवस्था, वातानुकूलन और आवश्यक मेडिकल फर्नीचर तक की संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित ठेकेदार की होगी। सरकार ने इस निर्माण कार्य को 24 माह की अवधि में पूरा करने का लक्ष्य रखा है। परियोजना की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ठेकेदार को निर्माण के बाद 5 वर्षों तक डिफेक्ट लाइबिलिटी पीरियड के अंतर्गत रखरखाव की जिम्मेदारी भी निभानी होगी।
निविदा के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 18 जून शाम 6 बजे तक निर्धारित की गई है, जिसके बाद 20 जून को तकनीकी निविदाएं खोली जाएंगी। इस अत्याधुनिक अस्पताल के निर्माण से देवली और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों मरीजों को बेहतर और त्वरित चिकित्सा सुविधाएं अपने ही शहर में उपलब्ध हो सकेंगी। उल्लेखनीय है कि देवली में लोग शहर के नजदीक राजकीय अस्पताल को बनाने के लिए जगह ढूंढ रहे हैं। ऐसे में दूसरी ओर विभाग ने टेंडर ही जारी कर दिए।



