-
गत 30 अक्टूबर को खाया था विषाक्त
-
उपचार के दौरान पीड़िता ने पुलिस को दिए थे बयान
-
दो दिन बाद बुधवार को पीड़िता ने दम तोड़ा
Deoli News 1 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) हनुमान नगर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 26 वर्षीय विवाहिता ने घर में रहने वाले व्यक्ति व परिजनों की लगातार प्रताड़ना तथा दुष्कर्म से परेशान होकर विषाक्त का सेवन कर लिया। विवाहिता की बुधवार को देवली अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।

मामले में देवली थाने के बासलक्ष्मणा निवासी मृतका की बहिन ने हनुमान नगर पुलिस में रिपोर्ट दी है। दरअसल यह घटनाक्रम गत 30 अक्टूबर की है। जहां विवाहिता ने सुबह 10 बजे करीब विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। जिससे उसकी तबीयत खराब हो गई। परिजन उसे देवली चिकित्सालय लेकर आए। जहां पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर हनुमान नगर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची तथा पीड़िता से बयान दर्ज किए। पुलिस को दिए बयान में विवाहिता ने बताया कि गत 13 वर्ष पूर्व उसकी हनुमान नगर क्षेत्र के टीकड़ निवासी एक जने के साथ लव मैरिज हुई।
इसके बाद से वह पति के साथ रह रही थी। पीड़िता के चार संतान भी है। लेकिन इसी घर में चेनपुरिया थाना हिंडोली निवासी दुर्गालाल मीणा रहता था। पीड़िता ने पुलिस को दिए पर्चा बयान में आरोप लगाया था कि गत तीन माह पूर्व उसका पति, सास व बच्चे गाड़ी की सर्विस करने बूंदी गए हुए थे। पीछे से दुर्गालाल ने आकर पीड़िता के साथ जबरदस्ती की तथा दुष्कर्म किया। वही मौका मिलने पर यह सिलसिला इसी तरह लगातार चलता रहा। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसने यह बात अपनी सास समेत परिजनों को बताई। लेकिन परिजनों ने कोई सुनवाई नहीं की। वहीं आरोपी दुर्गालाल पीड़िता की बदनामी धमकी देता रहा। इससे तंग आकर पीड़िता ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था। लेकिन दो दिन बाद उपचार के दौरान बुधवार को पीड़िता ने दम तोड़ दिया।
मामले में मृतका की बहन ने कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर हनुमान नगर थाने में रिपोर्ट दी है। इसमें अपनी बहन के पति, सास, ससुर व दुर्गालाल पर लगातार प्रताड़ना का आरोप लगाकर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। थाना प्रभारी हनुमान नगर हीरालाल का कहना है कि उक्त घटना के बाद पीड़िता ने ही पुलिस को पर्चा बयान दिया था। इस आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अनुसंधान कर रही है।



