कांग्रेस सरकार को जमकर कोसा
@राजेन्द्र बागड़ी
Deoli News 19 नवम्बर ( दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) भाजपा के वरिष्ठ नेता, राज्यसभा सांसद डॉ किरोड़ीलाल मीणा ने कहा है कि वे भी किसान है और हिंडोली प्रत्याशी डॉ. प्रभुलाल सैनी भी किसान है। ऐसे में किसान के दर्द को वे जितना जानते है, उतना कांग्रेस के नेता नही जानते। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने बीजेपी की सरकार को भी देखा है।

कांग्रेस की सरकार को देखा और परखा है। राज्य में बीते 5 सालों में जंगलराज रहा, पेपर लीक हुए, दुष्कर्म बढ़े, सरकार लुटती रही और जनता देखती रही। डॉ. मीणा रविवार दोपहर साढ़े 12 बजे हिंडोली विधानसभा क्षेत्र के पेच की बावड़ी कस्बे में भाजपा प्रत्याशी डॉ प्रभुलाल सैनी के समर्थन में चुनावी सभा को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि डॉ. सैनी उनके भाई भी है और निकटतम मित्र भी है। विधानसभा में वे मंत्री भी रहे है। उन्होंने कहा कि वे जब भी प्रभुजी को फोन करते तो सदा यहीं कहते थे” प्रभुजी मेरे अवगुण न चित्त धरो” और प्रभुजी कहते थे” मैया मोई न ही माखन खायो” जैसी चुटकियां ली तो लोगों में हंसी के फव्वारे छूट पड़े। चुनावी सभा खचाखच भरी हुई थी।

सभा मे आते ही डॉ. किरोडी मीणा ने बगैर समय खर्च किए माइक सम्भाला ओर सम्बोधन शुरू कर दिया।
राज्य सरकार को घेरा ओर चलाए तीखे तीर
डॉ. किरोडी लाल ने करीब 30 मिनट के भाषण में कांग्रेस सरकार को जमकर कोसा। वहीं पेपर लीक, कानून व्यवस्था को लेकर सरकार के मंत्रियों को जमकर कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने भीड़ में नारे भी लगवाए कि ” रीट के पेपर कहा मिलेंगे” तो भीड़ नारे लगाती कि ” नाथी तेरे बाड़े में”। मीणा ने कहा कि प्रदेश में एक दर्जन से अधिक पेपर लीक हुए और सरकार ने युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने सरकार से सीबीआई जांच की मांग की तो सरकार ने कोई सिफारिश नही की क्योंकि पेपर लीक में बड़े मंत्री, विधायक, अधिकारी तक शामिल थे।

कांग्रेस सरकार ने दोषी लोगों को बचाने का काम किया। ऐसी सरकार को अब हटाने का वक्त आ गया है। उन्होंने भीड़ से पूछा कि ” क्या वे ऐसी भृष्ट सरकार को चुनना चाहेंगे?” इस पर भीड़ ने कहा कि कतई नही । उन्होंने कहा कि जब ईडी ने छापेमारी की तो मुख्यमंत्री ईडी ईडी चिल्लाने लगते है। गणपति प्लाजा के लॉकर्स काला धन उगल रहे है। लॉकर्स की तलाशी में 21 दिन बीत चुके है और करोड़ो की नकदी ओर कई किलो सोना बरामद हो चुका है। अभी भी कई लॉकर्स खुलने बाकी है। ये काला धन कांग्रेस सरकार के भ्र्ष्टाचार का पैसा है। प्रदेश में बीजेपी की सरकार आ रही है और आते ही जितना खाया है उसे निकालने का काम बीजेपी सरकार करेगी। दलितों के साथ जितने अत्याचार कांग्रेस सरकार में हुए है, उतने कभी नही हुए। कभी महिलाओं, बालिकाओं के साथ दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ रही है। कानून और व्यवस्था तेल लेने चली गई तो अंदाजा लगा सकते है कि प्रदेश में जंगलराज था और अपराधियों के हौसले बुलंद थे। ऐसे राज को उखाड़ फेंकने का समय आ गया है इसलिए 25 नवम्बर को सरकार को विदाई देने सबको बूथ तक जाना है और कांग्रेस सरकार को हटाने का काम करना है।

किरोड़ी के मित्र को जिताना है और पगड़ी की लाज रखनी है
मीणा समाज के दिग्गज नेता डॉ. किरोडी मीणा ने कहा कि डॉ. सैनी उनकी सवाईमाधोपुर में उनकी मदद कर रहे है इसलिए अब मीणा समाज के मतदाताओं का दायित्व है कि वे सैनी को जिताए। इस दौरान लोगों ने नारे लगाए की राजस्थान का एक ही लाल- किरोड़ी लाल.. किरोडी लाल तो किरोडी ने उन्हें रोका और कहा कि सवाईमाधोपुर- हिंडोली के दो लाल- किरोड़ी लाल- प्रभुलाल। इसी बीच मीणा समाज ने उनका माल्यार्पण कर साफ बंधवाकर स्वागत किया तो किरोड़ीलाल ने साफे की लाज रखने की बात पूछी कि क्या वे उनकी लाज रखेंगे तो भीड़ ने ” हाँ ” में प्रत्युत्तर दिया। बाद में किरोड़ी लाल ने अपने सिर के साफे को डॉ. प्रभुलाल सैनी के सिर पर रखकर कहा कि अब उन्हें उनकी पगड़ी की लाज रखनी है तो सैनी को हर कीमत पर जिताना होगा।
सभा को भाजपा प्रत्याशी डॉ. सैनी ने भी सम्बोधित किया। सभा मे पूर्व जिला प्रमुख शक्तिसिंह, आशा मीणा, कमलेश महाराज, मीणा समाज के जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीणा, पूर्व युवा बोर्ड के अध्यक्ष भूपेंद्र सैनी, शिवजीराम मीणा, शौकीन चोधरी समेत कई नेता उपस्थित थे। डॉ. किरोडी हेलीपैड से बाइक पर बैठकर सीधे चुनाव सभा तक आए तो लोग चकित रह गए।


