Deoli News 11 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) क्षेत्र के अमरवासी ग्राम पंचायत के रामनगर के समीप खेत पर काम कर रही महिला की पैर फिसल कर कुएं में गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार पर परेशानियों का पहाड़ टूट पड़ा। मृतका का पति अक्सर बीमार रहता है तथा घर में दो पुत्रियां हैं।
जिनकी लालन-पालन की जिम्मेदारी भी मृतका के पर ही थी। पुलिस ने बताया कि अमरवासी के रामनगर की समोदरा देवी पत्नी रमेश जाट अपने खेत पर काम कर रही थी। समोदरा को प्यास लगने पर वह खेत पर बने कुएं पर पानी पीने पहुंची। कुए से पानी की बाल्टी खींचने के दौरान महिला का पैर फिसला तथा वह कुएं में गिर गई। ग्रामीणों ने बताया कि महिला को तैरना आता था, लेकिन कुएं में गिरने से महिला के सिर में चोट लग गई। जिससे महिला बेहोश हो गई और पानी में डूबने से महिला की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया तथा मृग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



