अजमेर संभागीय आयुक्त व पुलिस महानिरीक्षक ने की देवली में जनसुनवाई
Deoli News 2 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) अजमेर संभागीय आयुक्त महेश चंद्र शर्मा व पुलिस महानिरीक्षक लता मनोज कुमार ने शुक्रवार शाम पंचायत समिति सभागार में जनसुनवाई की। इस दौरान दर्जनों परिवादियों ने अधिकारियों को अपनी पीड़ा बताई।
जनसुनवाई से पूर्व संभागीय आयुक्त महेश चंद्र शर्मा ने कहा कि सभी अधिकारी व कर्मचारियों को राज्य सरकार की जनहित की मंशा के अनुरूप काम करना है। राज्य सरकार की नीति है कि विभाग सजग रहकर जनहित की समस्याओं का निस्तारण करें। आम आदमी अपनी समस्या के निपटान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालय के चक्कर नहीं काटे। स्थानीय अधिकारी कोशिश करे कि उनकी समस्या का निस्तारण उन्हीं के स्तर पर हो जाए। प्रदेश सरकार की मंशा है कि लोगों को त्वरित राहत मिले। हालांकि मौजूदा समय में भी त्रिस्तरीय जनसुनवाई हो रही है, फिर भी अधिकारियों व कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी के साथ जनमानस की समस्याओं के निस्तारण करने के प्रयास करने चाहिए।
बारी-बारी से की जनसुनवाई
दोनों उच्च अधिकारियों की जनसुनवाई को लेकर स्थानीय प्रशासन अलर्ट रहा। पंचायत समिति सभागार के बाहर टेंट लगाकर परिवादियों को बिठाया गया तथा प्रत्येक परिवादी की समस्या को नोट कर बारी-बारी से अधिकारियों के समक्ष पेश किया गया। जनसुनवाई की शुरुआत घाड़ निवासी महावीर प्रसाद भाट से हुई। जिन्होंने अतिक्रमण से संबंधित समस्या बताई। इसके बाद देवली निवासी विमला चौहान ने एसआई के भुगतान, राधेश्याम चौहान ने जीपीएफ खाते से संबंधित, लादूराम गुर्जर ने एसआईपीएफ के भुगतान, धर्मराज रेगर ने बलात्कार व अपहरण, नाथूलाल वर्मा ने जीएफ व एसआई भुगतान, दुर्गालाल ने एसआईपीएफ के भुगतान, भारत लाल ने स्कॉलरशिप, रीना ने पट्टा जारी करने, प्रभुलाल वर्मा ने लंबित भुगतान, दीपक व रामराज ने अतिक्रमण हटाने, कृष्णानंद शर्मा ने एसआईपीएफ का भुगतान, सरपंच हिसामपुर राजेंद्र ने जल जीवन मिशन, पूजा मीणा ने मूलभूत सुविधा से संबंधित, पंचायत समिति सदस्य रामसिंह मीणा ने इंद्रपुरा पेयजल योजना व गांव को राजस्व घोषित करने संबंधित समस्याएं बताई। इस दौरान 87 परिवादियो ने अपनी समस्या गिनाई।
यह थे अधिकारी मौजूद
उच्च स्तरीय जनसुनवाई के दौरान पुलिस महानिरीक्षक लता मनोज कुमार, जिला कलक्टर सौम्या झा, राजस्थान प्रशासनिक सेवा के अधिकारी अशोक त्यागी, एडीएम सूरज सिंह नेगी, उपखंड अधिकारी देवली दुर्गाप्रसाद मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेश कुमार, बीसलपुर परियोजना के अधिशासी अभियंता मनीष बंसल, सहायक अभियंता श्रीपथ सोलंकी, विकास अधिकारी दिवाकर मीणा, खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी जगदीश मीणा, तहसीलदार राम कल्याण, अधिशासी अधिकारी देवली छगनलाल यादव, थाना प्रभारी भंवरलाल समेत सभी थानों के प्रभारी विभागों की अधिकारी व जनप्रतिनिधि कर्मचारी मौजूद थे। जनसुनवाई से पहले संभागीय आयुक्त ने उपखंड अधिकारी कार्यालय में स्थानीय अधिकारियों से बातचीत की।



