Deoli News 19 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) थाना पुलिस ने मंगलवार को समीप के देवली गांव स्थित सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेलते दो जनों को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी राजकुमार नायक ने बताया कि मुखबीर की सूचना पर पुलिस देवली गांव पहुंची।
जहां दो व्यक्ति रुपए दाव पर लगाकर जुआ खेल रहे थे। पुलिस ने तस्दीक कर जुआ राशि व ताश पत्ती जब्त की है। मामले में पुलिस ने लाभचंद पुत्र घीसालाल रेगर निवासी वार्ड नं 3 देवली गांव तथा दामोदर पुत्र घीसालाल रेगर निवासी देवली गांव को गिरफ्तार किया है।
तेज आवाज में टेप बजाते चालक गिरफ्तार
हनुमान नगर थाना पुलिस ने तेज आवाज में टेप बजाकर कोलाहल फैलाने वाले ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर ध्वनि प्रसारण यंत्रों को जब्त कर लिया। जानकारी अनुसार एएसआई दुर्गालाल वाहन से क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। दयाल हॉस्पिटल के समीप ट्रैक्टर चालक तेज आवाज में टेप बजाता पाया गया।
जिसके पास ध्वनि प्रसारण संबंधित दस्तावेज नहीं मिलने पर चालक जितेंद्र पुत्र ओमप्रकाश मीणा निवासी गोपालपुरा थाना सावर को गिरफ्तार कर टेप, स्पीकर व मेमोरी कार्ड को जब्त कर आरएनसी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
बाइक व मंदिर में चोरी का मामला दर्ज
देवली थाना क्षेत्र के सावंतगढ़ निवासी हेमेंद्र कुमार मीणा पुत्र हरिसिंह मीणा ने मंगलवार को एक बाइक चोरी होने व चामुंडा माता मंदिर से चोरी की वारदात की रिपोर्ट दी है। इसमें बताया कि गति रात अज्ञात चोर गांव में स्थित चामुंडा माता मंदिर में आए। जिन्होंने मंदिर में लगी दानपेटी तोड़ने का प्रयास किया।
वही मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़कर सीसीटीवी मशीन चुराकर ले गए। इसके अलावा चोरों ने हरीसिंह मीणा के मकान में रखी मोटरसाइकिल भी ताला तोड़कर चुरा ली। सुबह मंदिर पर पुजारी के पहुंचने पर वारदात का पता लगा।


