Deoli News 10 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) एक ट्रैक्टर चालक के खिलाफ गफलत एवं लापरवाही से ट्रैक्टर चलाकर ईको कार के टक्कर मारने का प्रकरण हनुमान नगर थाने में दर्ज हुआ है।
प्रार्थी धर्मसिह मीणा पुत्र श्रवणसिह मीणा निवासी सरसिया रुणिया बरडा तहसील जहाजपुर ने रिपोर्ट में आरोप लगाया कि वह तथा उसका पुत्र मनोज कुमार मीणा गत 8 मई की शाम ईको कार से मेहन्दवास टोंक की ओर से कार्यक्रम में जाकर वापस गांव सरसिया आ रहे थे। ज्योति कॉलोनी लिंक रोड पर पोल फैक्ट्री के पास पहुंचे कि सामने मोरला बाईपास की ओर से बजरी भरकर आ रहे महिन्द्रा ट्रैक्टर के चालक ने लापरवाही व गफलतपूर्वक ट्रैक्टर को चलाते हुए उनकी कार को टक्कर मार दी। इसमें कार सवार प्रार्थी के पुत्र मनोज कुमार मीणा के सीने व शरीर में चोटें आई है तथा कार में बैठे हुए युवराज पुत्र मनोहर मीणा, भूरी देवी पत्नी मनोहर मीणा, माया देवी पत्नी महेन्द्र मीणा, प्रियंका पुत्री महेन्द्र मीणा सभी निवासी सरसिया थाना जहाजपुर के शरीर में भी चोटें आई हैं।
वहीं कार में भी काफी नुकसान हुआ है। दुर्घटना के बाद ट्रेक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच एएसआई दुर्गा लाल को सौंप दी है।


