ग्रामीणों ने 3 घंटे रोड जाम कर किया प्रदर्शन
Deoli News 2 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) हनुमान नगर थाना क्षेत्र के निवासी इटुंदा एक युवक की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। उक्त युवक के भाई ने पुलिस को हत्या की आशंका जताई है।
पुलिस ने बताया कि इटुंदा ग्राम पंचायत के बटखेड़ी गांव में सोमवार रात तेजाजी महाराज के मंदिर में रात्रि जागरण हो रहा था। रात्रि जागरण में करीब 12 से एक बजे तक बटखेड़ी निवासी 20 वर्षीय हरभजन पुत्र प्रेम शंकर मीणा उम्र मौजूद था। बाद में जागरण समाप्ति पर सभी लोग अपने-अपने घर चले गए। लेकिन हरभजन मीणा घर नहीं पहुंचा। सवेरे हरभजन की मां ढूंढते हुए जब मंदिर के समीप पहुंची तो मंदिर की दीवार के समीप हरभजन अचेत अवस्था में मिला, जिसे परिजन देवली चिकित्सालय लेकर आए। जहां पर चिकित्सकों ने हरभजन को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हरभजन का राजकीय चिकित्सालय देवली में मेडिकल बोर्ड के द्वारा पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
गांव में शव पहुंचते पर परिजनों ने हरभजन के गले पर रस्सी के निशान देखकर हत्या की आशंका जताते हुए जहाजपुर मार्ग पर जाम लगाया और मौत के कारणों का खुलासा करने की मांग करने लगे। इस दौरान मौके पर पहुंचे पंडेर थाना अधिकारी कमलेश कुमार मीणा ने ग्रामीणों से समझाईश कर जाम खुलवाया। ग्रामीणों द्वारा तीन घंटे तक जाम लगने से लोगों को परेशानी हुई, वहीं ग्रामीणों की मांग थी कि हत्या के कारणों का निष्पक्ष जांच कर खुलासा होना चाहिए तथा दोषी को सख्त सजा मिलनी चाहिए।



