नहीं ले जा सके अस्पताल, ग्रामीणों की राह मुश्किल
Deoli News 2 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) चांदली पंचायत के सारदड़ा गांव में फैले हुए कीचड़ की वजह से परिजन बीमार महिला को अस्पताल तक नहीं ले जा सके। नतीजम महिला ने उपचार के अभाव में दम तोड़ दिया

ऐसे में अस्पताल ले जाने में भी परिजनों को परेशानी हुई। वहीं अंतिम संस्कार के लिए भी ग्रामीण परेशान हुए। ग्रामीण सियाराम गुर्जर ने बताया कि सारदड़ा निवासी गोपाली देवी की पिछले दो-तीन दिनों से तबीयत खराब थी। महिला का उपचार चल रहा था। वहीं रविवार को गोपाली देवी की ज्यादा तबीयत खराब हुई। परिजनों ने आनन फानन में एक नर्सिंगकर्मी की मदद से महिला के स्वास्थ्य की जांच कराई तो चिकित्साकर्मी ने महिला को देवली अस्पताल ले जाने की बात कही। लेकिन गांव के मुख्य मार्ग पर फैले कीचड़ की वजह से लोगों का यहां से निकलना मुश्किल है। परिजन कीचड़ की वजह से उक्त महिला को अस्पताल नहीं ले जा सके। हालत यह है कि बड़े से बड़े वाहन इस कीचड़ में फंस रहे हैं। ऐसे में महिला ने उपचार के अभाव में घर में ही दम तोड़ दिया। ग्रामीणों ने बताया कि महिला की मौत से परिजन स्तब्ध रह गए। वही जब महिला के अंतिम संस्कार के लिए जाने लगे तो फिर वही कीचड़ ग्रामीण व परिजनों का रास्ता रोकने लगा। लिहाजा ग्रामीणों को ट्रैक्टर ट्राली में शव रखकर अंतिम संस्कार के लिए ले जाना पड़ा। ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में ग्राम पंचायत को कई बार शिकायत की।
लेकिन पंचायत ने समस्या पर ध्यान नहीं दिया। हालत यह है कि ग्रामीणों को रोजमर्रा के जरूरी कामों के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है। खासकर महिलाओं व बच्चों को बेहद परेशानी हो रही है। जहां कीचड़ अवरोध बनाकर फैला हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि उक्त मामले में ग्राम पंचायत को निर्देशित कर राहत दिलाई जाए, ताकि ग्रामीणो को सुविधा हो सके।


