बीसलपुर पूर्ण भराव की फिर जगी उम्मीद
Deoli News 3 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) बीसलपुर बांध के केसमेंट एरिया स्थित जेतपुरा बांध आखिर मंगलवार सुबह छलक उठा। इस दौरान विभागीय अभियंताओं ने चार गेट खोलकर पानी की निकासी शुरू कर दी है। यहां डेढ़ फीट तक पानी की निकासी गेटों से शुरू की गई है।
लिहाजा यह पानी बनास में जाने लगा है। जिससे बीसलपुर बांध में जल्द बड़ी पानी की आवक होगी। जानकारी के अनुसार 23 फीट भराव क्षमता वाला जेतपुरा बांध मंगलवार सुबह लबालब हो गया। जिस पर सिंचाई विभाग के अभियंताओं ने चार गेट खोले हैं। यहां 6 गेट वाले जेतपुरा बांध के चार गेट खोलकर डेढ़ फीट तक पानी की निकासी की जा रही है। जेतपुरा में गेट संख्या 2, 3, 5 एवं 6 खोला गया है। वहीं क्षेत्र में 133 एमएम बारिश हुई है। जानकारी के अनुसार मंगलवार को इस क्षेत्र में तेज बारिश होने की संभावना बन रही है। जेतपुरा बांध का पूरा पानी बनास नदी में आएगा, जो आगामी 12 से 24 घंटे के भीतर बीसलपुर डेम तक पहुंचेगा।
लिहाजा धीमे-धीमे हो रही पानी की आवक में अब एकदम बढ़ोतरी होगी। वही बीसलपुर बांध के पूर्ण भराव की खत्म हुई उम्मीद एक बार फिर जगी है। उल्लेखनीय है कि बीसलपुर कैचमेंट एरिया क्षेत्र का कोठारी व गोवटा बांध पहले से ही ओवरफ्लो है। जिससे पानी आ रहा है। बता दे कि पिछले दिनों के मुकाबले त्रिवेणी में 20 सेंटीमीटर पानी की बढ़ोतरी हुई है। मंगलवार सुबह 10 बजे तक डेम का जलस्तर आरएल 314.64 मीटर पहुंच गया है। वहीं बांध में कुल 32.705 टीएमसी पानी हो चुका है। उधर, बीगोद के त्रिवेणी केंद्र पर 3 मीटर के बहाव पर बनास नदी बह रही है।



