अगले 105 दिनों तक नहरों में कल-कल बहेगा नीर
Deoli News 20 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) बीसलपुर बांध की दाईं और बाईं मुख्य नहरों को बुधवार को पूजा-अर्चना के बाद खोल दिया गया। इसे लेकर बुधवार सुबह बीसलपुर बांध परियोजना के अधिकारी नहरों के रेगुलेटर पर पहुंचे। यहां विधिवत पूजा-अर्चना के बाद नहरों के रेगुलेटर खोले गए। इससे हजारों किसानों को फायदा होगा और सिंचाई के लिए पानी मिलेगा।
दोनों नहरों में सिंचाई के लिए पानी छोड़ा गया।उल्लेखनीय है कि बीसलपुर बांध से 81 हजार हेक्टेयर से अधिक भूमि की सिंचाई होती है। इससे पहले मंगलवार को जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा की अध्यक्षता में जल वितरण समिति की बैठक आयोजित हुई थी। बैठक में बीसलपुर बांध की नहरों से सिंचाई के लिए पानी छोड़े जाने पर सहमति बनी थी। इसके तहत बुधवार को पानी छोड़ा गया।
करीब 750 किमी लंबी नहरें, सैकड़ों गांवों को लाभ
बीसलपुर बांध की नहरें 750 किमी लंबी हैं। जिनसे देवली, टोडारायसिंह, उनियारा और टोंक के 256 गांवों को सिंचाई का पानी उपलब्ध कराया जाता है।अधिकारियों ने बताया कि पानी को टेल तक पहुंचाने के लिए प्रशासन और पुलिस की मदद ली जाएगी।
बैठक के निर्णय अनुसार दोनों नहरों से अगले 105 दिनों तक सिंचाई के लिए पानी छोड़ा जाएगा। बीसलपुर बांध का जलस्तर वर्तमान में 315.45 आरएल मीटर है, जिसमें 38.351 टीएमसी पानी उपलब्ध है। इस दौरान सहायक अभियंता ब्रह्मानंद बैरवा, मनीष चौधरी, कनिष्ठ अभियंता कमलेश कुमार मीणा, शीना यादव, रिंकू मीणा समेत कई अभियंता और कर्मचारी मौजूद थे।



