Deoli News 15 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राज्य स्तरीय लखेरा समाज युवा महाअधिवेशन का आयोजन आगामी 7 और 8 जून को होगा। लखेरा समाज युवा महाअधिवेशन का आयोजन श्री चैना कुशला माता धाम, भजनेरी देई, बूंदी में किया जा रहा है।
भजनेरी ट्रस्ट के प्रचार प्रसार मंत्री राजकुमार लक्षकार (देवली) ने बताया कि महाअधिवेशन का उद्देश्य समाज के नवयुवकों को सामाजिक उत्तरदायित्व, आत्मनिर्भरता, शिक्षा और संस्कारों के पथ पर सशक्त रूप से अग्रसर करना है। आयोजन में राजस्थान के प्रत्येक जिले से 10-10 सक्रिय युवाओं का चयन कर एक समर्पित और संगठित युवा टीम का गठन कोर कमेटी के रूप में किया जाएगा। समाज के वरिष्ठजनों के प्रेरक उद्बोधन के माध्यम से युवाओं को आत्मविकास और सामाजिक दायित्वों की दिशा में प्रेरित किया जाएगा। यहां युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ स्वरोजगार अपनाने, कौशल विकास करने और आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दी जाएगी।
इसके अलावा, सनातन संस्कृति, देवी-देवताओं की आस्था और महापुरुषों के विचारों से जुड़कर एक सशक्त, संगठित और जागरूक समाज की नींव रखी जाएगी। अखिल राजस्थान लखेरा लक्षकार महासभा जयपुर और श्रीचैना कुशला माता ट्रस्ट भजनेरी ने सभी जिलाध्यक्षों से कहा है कि वे अपने-अपने जिले से कम से कम 10 युवाओं को इस महाअधिवेशन में लाए।


