Desk News 15 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) जिले में 79वां स्वाधीनता दिवस शुक्रवार को हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह पुलिस लाइन ग्राउण्ड में आयोजित किया गया। यहां समारोह के मुख्य अतिथि जलदाय और भूजल विभाग के मंत्री कन्हैया लाल चौधरी ने सुबह 9 बजे ध्वजारोहण किया।
समारोह में मुख्य अतिथि द्वारा परेड निरीक्षण के बाद आरएसी, राजस्थान पुलिस, राजस्थान महिला पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट्स एवं गाइड की टुकड़ियां मंच से सलामी लेते हुए गुजरी। आरएसी एवं राजस्थान पुलिस के बैंडों ने राष्ट्रीय भावना से ओतप्रोत धुन बजाईं। मुख्य अतिथि ने देश के शहीद सैनिकों की वीरांगनाओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। साथ ही जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 52 प्रतिभाओं को प्रमाण-पत्र और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया।
अतिरिक्त जिला कलक्टर रामरतन सौंकरिया ने महामहिम राज्यपाल के संदेश का पठन किया। इस मौके पर जलदाय मंत्री कन्हैया लाल चौधरी ने बाल विवाह रोकथाम की शपथ दिलाई। समारोह में जवाहर नवोदय विद्यालय छान के छात्र-छात्रों ने सामूहिक देश भक्ति नृत्य प्रस्तुत किए। टोंक योगा टीम ने योग प्रशिक्षक मदन गुर्जर के नेतृत्व में योगा ड्रिल एवं विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सामूहिक व्यायाम प्रदर्शित किया। इस मौके पर पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया ने योगा टीम व पैरा ओलंपिक खिलाडी धीरज को अपनी ओर से 11-11 हजार रूपए का पुरस्कार दिया। मंच संचालन कवि प्रदीप पंवार और व्याख्याता कुसुमलता विजयवर्गीय ने किया।

इस अवसर पर पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया, जिला प्रमुख सरोज बंसल, जिला कलक्टर कल्पना अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना, विधायक राजेन्द्र गुर्जर, जिलाध्यक्ष चन्द्रवीर सिंह चौहान, पूर्व सभापति लक्ष्मी जैन, पूर्व जिलाध्यक्ष सतीश चंदेल, सीईओ परशुराम धानका, एसडीएम हुकमीचंद रोहलानिया समेत जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित थे।



