“बारिश बनी मुसीबत”
Deoli News 7 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) पनवाड़ के बरसाती नाले में रविवार सुबह फिर एक ट्रैक्टर फंस गया। जबकि शनिवार रात को भी एक पिकअप और एक ट्रैक्टर फंस गए थे। जिन्हें जेसीबी की मदद से निकाला गया था। दरअसल देवली वाया नैनवा मार्ग का संपर्क कट जाने से आवाजाही बाधित है।
लोगों को 20-25 किलोमीटर का चक्कर लगाकर देवली पहुंचना पड़ता है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पानी भर जाने से मच्छर हो रहे हैं, जिससे बीमारियों का खतरा बन रहा है और बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है। ग्रामीणों ने पनवाड़ नाले में बने एनिकटों और अतिक्रमण को तुड़वाने की मांग की है और पुलिया बनाने की मांग की है, ताकि पानी की निकासी हो सके। इसके अलावा खेतों में पानी भर जाने से फसलें, सब्जियां नष्ट हो गई हैं, जिससे मायूस ग्रामीणों ने सरकार से मुआवजे की मांग की है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर समय रहते कार्यवाही नहीं की गई तो वे आंदोलन करेंगे। लोगों ने बताया कि जब तक यहां पर सुरक्षा का इंतजाम और सूचना बोर्ड नहीं लगेगा, तब तक इसी तरह हादसे होते रहेंगे।


