दुर्गाष्टमी पर्व
Deoli News 30 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर में मंगलवार को दुर्गा अष्टमी का पर्व पूरे धार्मिक आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर घर-घर में दिहाड़ी माता (कुलदेवी) की विशेष पूजा-अर्चना की गई।
श्रद्धालुओं ने अपने घरों में दिहाड़ी माता की नौ पिंडलियां तैयार कर विधि-विधान से उनकी पूजा की। माता को लापसी और चावल का भोग लगाकर धोक लगाई गई। लोगों ने कुलदेवी एवं दिहाड़ी माता की पूजा कर घर-परिवार और समाज में सुख-समृद्धि एवं वंश-वृद्धि की कामना की। दुर्गा अष्टमी पर कुचलवाड़ा स्थित बीजासन माता मंदिर, हिंगलाज माता मंदिर, दर्रा माता, वन माता, केसर माता समेत क्षेत्र के सभी शक्तिपीठों पर श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली।
वहीं, चांदली माता मंदिर में भी हजारों भक्तों ने पहुंचकर माता के दरबार में शीश नवाया। गौरतलब है कि नवरात्र के दौरान कुछ श्रद्धालु अष्टमी को, तो कुछ नवमी को माता की पूजा करते हैं। इस दिन नौ दिनों का व्रत रखने वाले कई श्रद्धालुओं ने कन्या पूजन किया। माता स्वरूपा इन कन्याओं के चरण धोकर उन्हें भोजन कराया गया और आशीर्वाद लिया गया। श्रद्धालुओं ने प्रेमपूर्वक इन कन्याओं को उपहार भी भेंट किए।



