Deoli News 20 दिसंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) नगर पालिका परिसर दूनी में आयोजित समस्या समाधान शिविर में विधायक ने ग्रामीणों की अभाव अभियोग सुने। जनसुनवाई में बिजली, पानी और जर्जर सड़कों की समस्याएं प्रमुखता से छाई रही।
कस्बेवासियों ने बताया कि दूनी में 72 घंटे में नाममात्र की जलापूर्ति हो रही है, जिससे जल संकट बना हुआ है। लोगों ने 12 करोड़ की लंबित पेयजल योजना को शुरू करने, दूनी को बंथली फीडर से हटाकर अलग विद्युत फीडर से जोड़ने और बढ़ते यातायात के दबाव को देखते हुए बाईपास निर्माण की पुरजोर मांग रखी। इस दौरान पूर्व जिला प्रमुख सत्यनारायण चौधरी ने आश्वस्त किया कि रथ यात्रा के दौरान मिली समस्याओं को बजट सत्र में शामिल करवाया जाएगा।
विधायक ने पालिका ईओ महेंद्र कुमार मीणा से आय के स्रोतों और रिक्त पदों की जानकारी ली। आबादी विस्तार की समस्या पर विधायक ने एसडीओं रूबी अंसार को फाइल तैयार कर कलक्टर को भिजवाने के निर्देश दिए, ताकि विकास को गति मिल सके। साथ ही खेल मैदान की खराब लाइटों को विधायक या पालिका कोष से ठीक कराने व घर-घर कचरा संग्रहण के लिए दो नए वाहन उपलब्ध कराने को कहा। ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंपकर दूनी में उपखंड कार्यालय, पंचायत समिति और ट्रॉमा सेंटर खोलने के साथ ही एक हजार बीघा गोचर भूमि से अतिक्रमण हटाने व जर्जर पटवार भवन के पुनर्निर्माण की मांग की।

युवा जागरूक टीम और विभिन्न संगठनों ने मुख्य बाजार से अतिक्रमण हटाने, सोमवार हाट बाजार को अन्यत्र स्थानांतरित करने, कंजर बस्ती के ऊपर से गुजर रही 11kv लाइन को हटाने और अनुपयोगी सरकारी भवनों में लाइब्रेरी खोलने के सुझाव दिए। बस स्टैंड पर ट्रैफिक सुधार के लिए पुलिस चौकी व स्पीड ब्रेकर बनाने तथा 200 साल पुराने दूनी तालाब की सुरक्षा दीवार की मरम्मत का मुद्दा भी उठा। विधायक ने कहा कि नियमित ईओ की नियुक्ति के बाद अब जनसमस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण होगा।
इस मौके पर पूर्व प्रधान बनवारी जाट, तहसीलदार विनोद शर्मा, दयाराम गुर्जर सहित ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।


