Deoli News 31 दिसंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) दूनी क्षेत्र के विकास और प्रशासनिक सुगमता के लिए बुधवार को लोगों के एक प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार विनोद कुमार शर्मा और देवली एसडीओं रूबी अंसार को मुख्यमंत्री व मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में आगामी बजट 2026-27 में दूनी को उपखंड कार्यालय, पंचायत समिति और ट्रॉमा सेंटर, मॉडल हॉस्पिटल की सौगात देने की पुरजोर मांग की गई है। ग्रामीणों ने बताया कि दूनी अब नगर पालिका बन चुका है और इसकी आबादी 22 हजार के पार पहुँच गई है, जबकि आसपास की करीब 2.40 लाख की आबादी प्रशासनिक कार्यों के लिए दूनी पर निर्भर है। प्रतिनिधिमंडल ने तर्क दिया कि दूनी एनएच-52 और कई मेगा हाईवे से जुड़ा एक प्रमुख व्यापारिक केंद्र है।
देवली और उनियारा से दूरी अधिक होने के कारण ग्रामीणों को प्रशासनिक कार्यों के लिए भटकना पड़ता है, ऐसे में दूनी में एसडीओं कार्यालय और पंचायत समिति का गठन समय की मांग है। साथ ही नेशनल हाईवे पर होने वाली दुर्घटनाओं को देखते हुए स्थानीय सीएचसी को ट्रॉमा सेंटर या मॉडल अस्पताल के रूप में क्रमोन्नत करने और महिला प्रसूति विशेषज्ञ नियुक्त करने की आवश्यकता जताई गई। लोगों ने उम्मीद है कि बजट 2026-27 में इन मांगों के पूरा होने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।



