Deoli News 5 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के ज्योति कॉलोनी क्षेत्र में 6 फरवरी से आयोजित होने वाले पंच कल्याण महोत्सव को लेकर पार्षद भीमराज जैन और सीता देवी जैन ने उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर व्यवस्थाओं की मांग की है।
ज्ञापन में बताया कि महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के भारी भीड़ होने की संभावना है। इसे देखते हुए शहर के मुख्य मार्गों, पेट्रोल पंप चौराहा, गौरव पथ और बस स्टैंड क्षेत्र में प्रतिदिन दो बार विशेष सफाई करवाई जाए। साथ ही, यातायात को सुगम बनाए रखने के लिए बाजारों व मुख्य सड़कों पर खड़े ठेलों को व्यवस्थित करने और बस स्टैंड से अनावश्यक वाहनों को हटाने की मांग की गई है, ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को असुविधा न हो और शहर की छवि स्वच्छ बनी रहे। यह आयोजन ऐतिहासिक होने जा रहा है। लिहाजा सुरक्षा के मद्देनजर कार्यक्रम के दौरान पुलिस की नियमित गश्त भी बेहद जरूरी है।
प्रशासनिक व्यवस्था अच्छी होने से श्रद्धालुओं को सुविधा के साथ लोगों में एक प्रशंसनीय संदेश भी जाएगा। इसी तरह व्यवस्थाओं का यह ज्ञापन अधिशासी अधिकारी को भी दिया गया।


