बूंदी डिपो को मिली नई बस
@आशीष बागड़ी
Deoli News 20 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) क्षेत्र के सांवरिया सेठ श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। देवली से चित्तौड़गढ़ स्थित श्री सांवरिया सेठ (मंडफिया) के लिए बहुप्रतीक्षित सीधी रोडवेज बस सेवा आगामी एक अप्रैल से विधिवत रूप से शुरू होने जा रही है। इसे लेकर निर्णय हो चुका है।
दरअसल गुरुवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश में आए रोडवेज नए बस के बड़े को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। इसके बाद डिपो में यह बस पहुंच चुकी है। देवली रोडवेज बुकिंग प्रभारी राकेश शर्मा ने बताया कि इस मार्ग के लिए राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम, बूंदी आगार को नई बस उपलब्ध हो गई है, जो वर्तमान में बूंदी डिपो में खड़ी है। यह बस 3×2 सीट पैटर्न की एकदम नई बस होगी। बूंदी आगार के मुख्य प्रबंधक घनश्याम गौड़ द्वारा जारी आदेशों के तहत यह बस प्रतिदिन संचालित की जाएगी। शेड्यूल के अनुसार यह बस प्रतिदिन सुबह 4:30 बजे बूंदी से रवाना होकर 5:45 बजे देवली पहुंचेगी। इसके बाद जहाजपुर, शाहपुरा, भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ होते हुए सुबह 10:40 बजे सांवरिया जी पहुंचेगी। वापसी में यही बस सांवरिया जी से दोपहर 1:15 बजे रवाना होकर इसी मार्ग से शाम 6:20 बजे पुनः देवली पहुंचेगी। इस तरह यह बस आने और जाने में 506 किलोमीटर का लंबा सफर तय करेगी। लिहाजा एक दिन में ही श्रद्धालु सांवरिया सेठ के दर्शन कर वापस लौट सकेंगे। जबकि इससे पहले लोगों को अपनी पर्सनल कार या चित्तौड़गढ़ से बस बदलकर सांवरिया पहुंचना पड़ता था।
उल्लेखनीय है कि श्री व्यापार महासंघ देवली ने गत दिनों मुख्य प्रबंधक को ज्ञापन सौंपकर इस बस सेवा को शुरू करने की मांग की थी। महासंघ के आग्रह और यात्रियों की भारी मांग को देखते हुए निगम ने यह नई बस सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है, जिससे अब श्रद्धालुओं को सांवरिया सेठ के दर्शन के लिए सुलभ परिवहन सुविधा मिल सकेगी।



