“राष्ट्रीय लोक अदालत”
Deoli News 9 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) तालुका विधिक सेवा समिति देवली द्वारा शनिवार को तालुका मुख्यालय स्थित न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। लोक अदालत में विभिन्न न्यायालयों में लंबित प्रकरणों का आपसी सहमति एवं लोक अदालत की भावना से निस्तारण किया गया।
समिति सचिव विजय गौड़ ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत बेंच देवली के समक्ष सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट देवली के 37 प्रकरण प्रस्तुत किए गए, जिनमें सभी 37 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। जबकि अतिरिक्त सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट देवली के समक्ष रखे गए 6 प्रकरणों का भी पूर्ण रूप से निस्तारण हुआ। वहीं ग्राम न्यायालय देवली में रखे गए 12 प्रकरणों तथा सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट दूनी के समक्ष रखे गए 26 प्रकरणों का भी सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया।
वहीं तालुका विधिक सेवा समिति देवली में कुल 670 प्रीलिटिगेशन प्रकरण रखे गए, जिनमें से 17 प्रकरणों में समझौता करवाते हुए 10 लाख 96 हजार 73 रुपए की रिकवरी करवाई गई। लोक अदालत में बेंच की पीठासीन अधिकारी माधवी गोस्वामी, सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट दूनी तथा सदस्य बंशीलाल कलवार अधिवक्ता रहे। आयोजन में पुष्पेन्द्र अग्रवाल, भजन लाल मीणा, महेश लक्षकार, विजय गौड़ सहित न्यायालय कर्मचारियों, अधिवक्ताओं, विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधकों, जलदाय विभाग, बीएसएनएल प्रतिनिधियों एवं पक्षकारों का सहयोग रहा।
उल्लेखनीय है कि लोक अदालत का उद्देश्य आपसी समझाइश एवं सहमति से विवादों का त्वरित समाधान करना है, जिससे पक्षकारों को समय एवं धन दोनों की बचत होती है।


