वर्तमान परिसर में ही भवन बनाने की मांग
Jahazpur News 3 जून (मोहम्मद आजाद नेब) जहाजपुर में उपजिला चिकित्सालय के प्रस्तावित भवन निर्माण स्थल को लेकर लोगों का विरोध तेज हो गया है।स्थानीय निवासियों ने उपखंड अधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर नए अस्पताल का निर्माण वर्तमान परिसर में ही करने की मांग की है।
लोगों का आरोप है कि प्रस्तावित स्थल नागदी बांध के भराव क्षेत्र में है, जिससे जल स्रोत प्रदूषित हो सकते हैं और बांध की पवित्रता पर असर पड़ेगा। साथ ही प्रस्तावित स्थल शहर से चार किलोमीटर दूर होने के कारण ग्रामीणों के लिए।असुविधाजनक बताया गया है। ज्ञापन में लोगों ने कहा कि विकास कार्यों के नाम पर पहले ही कई जल स्रोतों का अस्तित्व खतरे में पड़ चुका है। लिहाजा अब बचा हुआ प्रमुख जलाशय सुरक्षित रहना चाहिए।
लोगों ने वर्तमान अस्पताल में चिकित्सकों एवं स्टाफ के रिक्त पदों को भरने की भी पुरजोर मांग उठाई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि सात दिनों के भीतर मांगों पर कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो जहाजपुरवासी अपनी मांगों के समर्थन में बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। अस्पताल के मौजूदा परिसर में पर्याप्त भूमि उपलब्ध होने के बावजूद निर्माण बाहर ले जाने का निर्णय जनभावनाओं के विपरीत बताया जा रहा है।



