Deoli News 13 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के पटेल नगर कच्ची बस्ती के आसपास का क्षेत्र इन दिनों गंदगी और बदहाल सफाई व्यवस्था का शिकार हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में गंदगी के ढेर लगे हुए हैं और नालियां कीचड़ से अटी पड़ी हैं।
जिससे लोगों का जीना दूभर हो गया है। लोगों के अनुसार हीरो शोरूम वाली गली और उससे जुड़ी अन्य गलियों के साथ-साथ कच्ची बस्ती के पास नालियों में पॉलिथीन और कचरा जमा होने से जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि लोहे के गोदाम के निकट पंजाब नेशनल बैंक के मोड़ पर लोहे के फेरोकवर का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है, जो हादसों को न्योता दे रहा है। नालियों में व्याप्त गंदगी और कीचड़ के कारण इलाके में मक्खी और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। इसके अलावा कुछ स्थानों पर खुले में शौच की समस्या ने भी स्वच्छता और स्वास्थ्य के लिए चिंता बढ़ा दी है। गंदगी की समस्या से परेशान होकर स्थानीय लोगों को स्वयं ही सफाई करनी पड़ रहा है।
पटेल नगर के निवासियों ने नगरपालिका मंडल से आग्रह किया है कि उक्त क्षेत्रों में नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को इस समस्या से निजात मिल सके।
नाले सफाई की मांग
इसी तरह प्रताप कॉलोनी के लोगों ने भी गंदगी से भरे नालों से निजात दिलाने की मांग की है। लोगों ने बताया कि देवली गांव रोड से प्रताप कॉलोनी वाली जाने वाले मार्ग पर नालर और नालिया कीचड़ गंदगी से अटी है। लोगों का कहना है कि साल भर से अधिक समय हो गया, इनकी सफाई नहीं हुई। लिहाजा स्थिति खराब है। यह क्षेत्र भी नगर पालिका मंडल के अधीन आता है।



