Deoli News 26 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राजकीय उप जिला अस्पताल देवली के नए भवन के लिए प्रस्तावित स्थान को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। हाल ही में छह सदस्यीय समिति द्वारा नए स्थान के संबंध में रिपोर्ट दिए जाने की जानकारी सामने आने के बाद शहरवासियों, व्यापारियों और विभिन्न संगठनों में नाराजगी बढ़ गई है।
इसी मुद्दे पर रविवार को स्थानीय गुरुद्वारा परिसर में बैठक आयोजित हुई, जिसमें अस्पताल को शहर से दूर स्थानांतरित किए जाने का विरोध करते हुए इसे शहर के निकट ही बनाए जाने की मांग उठाई गई। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि उप जिला अस्पताल वर्षों से क्षेत्रवासियों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। यदि नए भवन का निर्माण शहर से दूर किया जाता है तो मरीजों, बुजुर्गों, महिलाओं और ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ेगा। लिहाजा अस्पताल का नया भवन शहर के समीप ही बनाया जाना चाहिए। बैठक में निर्णय लिया गया कि सोमवार सुबह 11 बजे धान मंडी सर्कल पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र होंगे। यहां से जुलूस के रूप में मुख्य बाजार होते हुए उपखंड अधिकारी कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा तथा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। बैठक में शामिल विनोद धर्मानी ने बताया कि आंदोलन को लेकर व्यापारियों और आमजन से संपर्क किया जा रहा है।
उन्होंने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में जुलूस में शामिल होकर अस्पताल को शहर से बाहर नहीं ले जाने की मांग को मजबूती से उठाने की बात कही है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी जयपुर रोड स्थित म्हारो राजस्थान रिजॉर्ट मार्ग पर प्रस्तावित अस्पताल भवन का स्थानीय लोगों ने विरोध किया था। लोगों का कहना है कि यह स्थान शहर से काफी दूर होने के कारण आमजन के लिए असुविधाजनक रहेगा। विरोध के चलते निर्माण कार्य फिलहाल रुका हुआ है। इसे लेकर लोग प्रशासन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम भी देंगे।
पूर्व में भी जयपुर हाउस, पुरानी धान मंडी, डाक बंगला परिसर सहित अन्य संभावित स्थलों का भी निरीक्षण किया जा चुका है। अब छह सदस्यीय समिति की रिपोर्ट देने की बात सामने आने के बाद यह मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। जिसे लोग सोमवार को विरोध करेंगे।



