घर से बिना बताए रविवार को निकला था युवक
Deoli News 3 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) हनुमान नगर क्षेत्र के एजेंसी एरिया स्थित मोक्षधाम के पास खेतों के पीछे सोमवार सुबह एक युवक का शव नीम के पेड़ से फंदे पर लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। राहगीरों ने शव को लटका देखा तो पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही हनुमाननगर थाना पुलिस के एएसआई हरिसिंह मीणा, कांस्टेबल लालाराम मीणा सहित पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर युवक की पहचान के प्रयास शुरू किए। मृतक युवक की पहचान रवि कुमार (26) पुत्र जयसिंह मीणा, निवासी पाड़लिया थाना सावर के रूप में हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रवि कुमार देवली शहर में रहकर डीजे बजाने का कार्य करता था। पुलिस की सूचना पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
इसके बाद पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर देवली उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस के अनुसार फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। उपजिला अस्पताल में पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई । जानकारी के अनुसार रवि घर से बिन बताए निकला था। परिजन देर रात तक उसकी तलाश करते रहे।



