ग्रामीणों की शिकायत पर मौके पर पहुंची पुलिस
Deoli News 3 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली पंचायत समिति क्षेत्र में पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण के तहत मंगलवार को मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। वहीं मतदान के दौरान थांवला ग्राम पंचायत में मिठाई के डिब्बों में रुपए बांटने के आरोप को लेकर हंगामे की स्थिति बन गई।
सूचना पर नासिरदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और संबंधित वाहन को थाने लाकर जांच की। जानकारी के अनुसार देवली पंचायत समिति के 25 वार्ड और जिला परिषद सदस्य के 5 वार्डों के लिए कुल 149 मतदान केंद्र बनाए गए थे। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें देखने को मिलीं। मतदान समाप्ति तक क्षेत्र में कुल 64.31 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
थांवला में मिठाई के डिब्बों को लेकर विवाद
इस दौरान थांवला गांव में सरपंच पद के एक प्रत्याशी के समर्थकों द्वारा मिठाई के डिब्बों में रुपए बांटने के आरोप को लेकर ग्रामीणों ने आपत्ति जताई। जिस डिब्बे को लेकर विवाद हुआ, उस पर सरपंच पद प्रत्याशी अंकित सोनी का नाम और फोटो छपा हुआ था। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे थांवला गांव में हंगामे की सूचना मिली थी। ग्रामीणों ने एक वाहन में मिठाई के डिब्बों के माध्यम से रुपए बांटने का आरोप लगाया था। सूचना पर पुलिस टीम गांव पहुंची और वाहन को थाने लाकर खड़ा करवाया।
“वाहन की तलाशी में नहीं मिली नकदी”
पुलिस के अनुसार घटना से संबंधित वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक युवक मिठाई के डिब्बे से मिठाई और उसके नीचे रखे सामान को निकालता दिखाई दे रहा है। पुलिस ने वाहन की तलाशी ली, जिसमें मिठाई के छोटे डिब्बे मिले, लेकिन किसी प्रकार की नकदी बरामद नहीं हुई। फिलहाल इस संबंध में किसी पक्ष की ओर से रिपोर्ट नहीं दी गई है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
20 नवंबर को होगी मतगणना
देवली पंचायत समिति के 25 वार्डों में कुल 81 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला रहा। पंचायत समिति क्षेत्र में प्रधान पद अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए आरक्षित है। चुनाव की मतगणना 20 नवंबर को होगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे। वहीं सरपंच पद के चुनाव 5 नवंबर को निर्धारित हैं।


