Deoli News 10 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) दीपावली पर जहां गांवों में खुशियों और रोशनी का माहौल था, वहीं दूनी और घाड़ थाना क्षेत्र में दो परिवारों की खुशियां मातम में बदल गईं। दूनी थाना क्षेत्र के कंवरपुरा में सांप के काटने से 9 वर्षीय बालिका की मौत हो गई।

जबकि घाड़ थाना क्षेत्र के कोटड़ा निवासी 32 वर्षीय शिक्षक ने बीमारी के चलते दम तोड़ दिया। एएसआई बद्रीलाल यादव ने बताया कि कंवरपुरा निवासी हनुमान ढोली की बेटी नीतू (9) खेत पर बनी टपरी में अपनी दादी के साथ सो रही थी। लक्ष्मी पूजन की रात करीब एक बजे सांप ने उसे काट लिया। बालिका के चिल्लाने पर परिजनों ने सांप को मार दिया और उसे अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेश शिवनानी ने भी सांप के काटने से बालिका की मौत होने की पुष्टि की।
वहीं कोटड़ा निवासी शिक्षक प्रवीण मीणा (32) पुत्र शिवजी लाल मीणा का बीमारी के चलते निधन हो गया। वह राजसमंद जिले की आमेट तहसील के जनावद गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शिक्षक पद पर कार्यरत थे। लक्ष्मी पूजन की रात करीब आठ बजे तबीयत बिगड़ने पर उन्हें दूनी अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। शिक्षक प्रवीण अपने पिता की इकलौती संतान थे। उनके पीछे माता-पिता और 14 माह की मासूम बेटी है।
परिवार की आजीविका खेती पर निर्भर है। खास बात यह है कि प्रवीण को 8 अक्टूबर 2023 को शिक्षक पद पर नियुक्ति मिली थी और नियुक्ति की दूसरी वर्षगांठ के दिन ही उनका निधन हो गया।


