Sunday, April 19, 2026
No menu items!
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
HomeAdministrationआख़िर नगर पालिका शहर की व्यवस्था को लेकर कब संज्ञान लेगी?

आख़िर नगर पालिका शहर की व्यवस्था को लेकर कब संज्ञान लेगी?

गत दो दिन पूर्व हादसे में गई थी जान


Deoli News 6 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) आखिर कब नगर पालिका मंडल शहर की यातायात एवं अतिक्रमण की व्यवस्था को लेकर संज्ञान लेगी। स्थिति यह है कि मुख्य मार्ग एवं बाजारों में अतिक्रमण की भरमार से व्यवस्थाएं बिगड़ रही है। ऐसे में लोगों को बाजार से कार चलाकर निकलना तो दूर, टू व्हीलर से गुजरना भी चुनौतीपूर्ण हो गया है।

वही जाम की समस्या से आमजन परेशान है। लिहाजा नगर पालिका मंडल को देवली थाना पुलिस एवं यातायात पुलिस के साथ संयोजन कर शहर की व्यवस्था पर ध्यान देना होगा। लोगों का कहना है कि शहर में रोडवेज बस स्टैंड के बाहर से लेकर ठेठ पुलिस थाने के मोड तक सड़क पर फल, सब्जी ठेलों की भरमार है। कम से कम यह हिस्सा नॉन वेंडिंग जोन होना चाहिए। रोडवेज बस स्टैंड से जहाजपुर भीलवाड़ा एवं अजमेर की ओर जाने वाली बसों के लिए तो मानो शहर से निकलना एक कठिन काम हो गया है।

यह बसे इस मार्ग से निकलने में कई मिनट लेती है। मनमर्जी से खड़े टू व्हीलर मर्ज बड़ा रहे हैं। उक्त मार्ग पर ठेलों के अलावा व्यापारियों ने भी अपने सामान रखे हैं। फुटकर फल आदि विक्रेता आदि ग्रीननेट मुख्य बाजार में रोड लाइट के पोल पर बांधे हुए। बताया गया कि पिछले दिनों हादसा भी इन्हीं ग्रीन नेट की रस्सी से हुआ। रोडवेज बस स्टैंड में बाहर निकलने से लेकर गुरुद्वारा रोड जहाजपुर रोड तक बसों को निकलने में खासी परेशानी हो रही है और इन्हीं की वजह से जाम लग रहा है। हालांकि स्थानीय जनप्रतिनिधि रोड डायवर्ट कर बसों एवं भारी वाहनों की आवाजाही एसबीआई रोड से करने की मांग कर रहे हैं।

लेकिन नगर पालिका मंडल ने रूट डायवर्ट पर ध्यान दिया और ना ही व्यवस्था सुधारने में। कम से कम रोडवेज बस स्टैंड से लेकर पुलिस थाने तक व्यवस्था जल्द सुधारी जानी चाहिए, नहीं तो और हादसे होंगे।

कई फीट चौड़ा रोड गलियारा बना

इसी प्रकार शहर के पटवा बाजार से लेकर जहाजपुर चुंगी नाका का कई फीट चौड़ा रोड अतिक्रमण की भेंट चढ़ चुका है। उक्त बाजार में दोनों ओर से व्यापारियों ने सड़क पर करीब 10 फ़ीट तक आगे बढ़कर सामान रख दिए। जिससे लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यह मार्ग केवल एक सिंगल लेन बनकर रह गया।

अतिक्रमण एवं सड़क पर माल रखकर रास्ता अवरुद्ध करने की अमूमन समस्या पूरी देवली में देखी जा सकती है। छतरी चौराहा भी अतिक्रमण की भेंट है। यहां चौराहे पर मुड़ना एक जंग के समान हो गया। लिहाजा नगर पालिका मंडल को एक बार फिर देवली शहर की व्यवस्था को लेकर समीक्षा करनी होगी और व्यापारियों एवं ठेला विक्रेताओं की सीमा का निर्धारण करना चाहिए, ताकि समीक्षा आमजन और व्यापारियों दोनों के लिए हितकर हो।

व्यापार महासंघ करें पहल

इस समस्या में देवली के दोनों व्यापार महासंघ को भी मदद करनी होगी। यदि ग्राहक आसानी से बाजार तक नहीं पहुंचेगा तो धंधा खत्म होना भी स्वाभाविक है। हालांकि बुधवार शाम बस से गिरकर हुई मौत की घटना के बाद गुरुवार व शुक्रवार को पुलिस ने रोड का खुलासा कराया। लेकिन इस समस्या पर अब ध्यान देने की जरूरत बेहद महसूस होने लगी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

%d