Deoli News 6 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) क्षेत्र के माण्डकलां में गुरुवार को कहार कीर-केवट-कश्यप-मेहरा स्वजातीय समाज के सामूहिक विवाह सम्मेलन में 29 जोड़ों का विवाह और प्रतिभावान छात्र एवं छात्राओं का सम्मान समारोह आयोजित हुआ।
यहां मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के ऊर्जा एवं टोंक प्रभारी मंत्री हीरालाल नागर ने वर्चुअल माध्यम से सभा को संबोधित किया। नागर ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम से समाज में सुधार आता है और केवट समाज का इतिहास परिश्रम, सेवा, और समर्पण का रहा है। उन्होंने कहा कि समाज की तरक्की के लिए एकजुटता आवश्यक है और सरकार समाज के हित में काम करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से चर्चा करके केवट बोर्ड में पद की नियुक्ति करवाएंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कहार कीर-केवट-कश्यप-मेहरा समाज विकास मंच के प्रदेशाध्यक्ष हरिनंद कहार ने कहा कि समाज के लोगों को अपने हक और अधिकारों के लिए एकजुट होकर लड़ना होगा।
जिला प्रमुख सरोज बंसल ने अपने कोटे से कीर समाज के लिए 10 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन बनाने की घोषणा की। कार्यक्रम में मुख्य संरक्षक बजरंग लाल मेहरा, प्रदेश संरक्षक मोतीलाल मेहरा चेयरमैन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष फूलचंद कहार एडवोकेट, केवट सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सीताराम अबीद, डॉ. दिनेश मेहरा, जगदीश मेहरा, कैलाश कहार, राजेश सिकरवाल, हरिमोहन, मांगीलाल कहार आदि ने भाग लिया। कार्यक्रम संचालन प्रदेश महामंत्री नरेन्द्र मेहरा एडवोकेट ने किया।



