Jahazpur News 26 जून (मोहम्मद आज़ाद नेब) नबी के नवासे इमाम हुसैन की शहादत की याद में शुक्रवार को जहाजपुर में मातमी धुनों और गमगीन माहौल के बीच ताजिया जुलूस निकाला गया।
जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा, जिसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। जुलूस के दौरान युवाओं ने अखाड़ों के माध्यम से पारंपरिक युद्ध कौशल, लाठी और अन्य हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन कर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। मातमी धुनों और “या हुसैन” की सदाओं के बीच अकीदतमंदों ने इमाम हुसैन की कुर्बानी को याद करते हुए उन्हें खिराज-ए-अकीदत पेश की।

ताजिया जुलूस के मार्ग में कई जगह लोगों ने स्वागत किया तथा शीतल पेयजल, छबील, शर्बत एवं अन्य सेवाओं की व्यवस्था की गई। जुलूस के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मुस्तैद रहे। निर्धारित मार्ग से गुजरने के बाद ताजिए को परंपरा के अनुसार कर्बला में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। मुहर्रम पर आयोजित इस जुलूस में सांप्रदायिक सौहार्द, भाईचारे और आपसी सद्भाव का संदेश भी देखने को मिला।



