Deoli News 9 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय दूनी में शनिवार को एक दिवसीय स्टूडेंट पुलिस कैडेट (एसपीसी) की कार्यशाला प्रधानाचार्य भंवरलाल कुम्हार के निर्देशन में हुई।
कार्यक्रम प्रभारी त्रिलोकचंद कलाल ने बताया कि विद्यालय में एसपीसी के छात्रों की पुलिस और लोगों के बीच की दूरी को कम करने व कानून व्यवस्था में पुलिस की भूमिका विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। यहां एंटीकॉर्पशन समूह के जिला सचिव भंवर लाल सैनी ने भ्रष्टाचार एवं रिश्वत से संबंधी विभिन्न नियमों एवं हेल्प हेल्पलाइन नंबर के बारे में चर्चा की। वार्ताकार शिक्षक सुरेंद्र सिंह नरूका ने हेलमेट एवं सीट बेल्ट का प्रयोग, वाहन बीमा, वाहन फिटनेस, वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग न करने, नशा कर वाहन न चलाने आदि का ध्यान रखने की बात कही। उप प्रधानाचार्य अनुराधा कलवार ने पुलिस और धैर्य विषय पर वार्ता प्रस्तुत की तथा वार्ताकार अध्यापिका मनीष जैन ने महिला एवं बाल सुरक्षा विषय पर गुड टच बेड टच, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर महिला सुरक्षा आदि पर विस्तार से चर्चा की।
छात्रों को प्रोजेक्टर के माध्यम से स्टूडेंट पुलिस कैडेट पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म दिखाई। एसपीसी के छात्रों ने कस्बे में जागरूकता रैली निकाली।


