उछलकर गिरा पीड़ित, मामला दर्ज, प्रधानाचार्य पर लगाया लापरवाही का आरोप
Deoli News 17 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली थाना क्षेत्र के पनवाड़ निवासी एक व्यक्ति ने सरकारी स्कूल के प्रधानाचार्य पर लापरवाहीपूर्वक कार चलाकर टक्कर मारने और घायल करने का दूनी थाने में मामला दर्ज कराया है। रिपोर्ट के अनुसार यह मामला सोहनलाल माली पुत्र रामदेव माली निवासी पनवाड़ ने दर्ज कराया है।
इसमें बताया कि गत 2 दिन पूर्व 15 अक्टूबर को उसकी वेगनआर कार रिद्धि सिद्धि पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे खड़ी थी। इस दौरान दोपहर 2 बजे करीब दूनी की ओर से आई एक महिंद्रा कार ने पीड़ित की कार को जोरदार टक्कर मार दी। आरोप लगाया कि उक्त कार में चालक पंकज कुमार विजय बैठा था, जो की आंवा स्कूल में प्रधानाचार्य है। पीड़ित ने रिपोर्ट में बताया कि वह गाड़ी में बैठने के लिए कार का गेट खोलकर चाबी लगा ही रहा था कि उसकी कार को टक्कर मार दी गई। जिससे वह कई फीट उछलकर खेतों में जा गिरा और अचेत हो गया।
आरोप लगाया कि इस दौरान उक्त कार का चालक टक्कर मारने के बाद पीड़ित की सुध लेने के बजाय फरार हो गया। हादसे में पीड़ित के अंदरूनी चोटें आई है। जिसका देवली अस्पताल में उपचार कराया गया। वही दूनी थाना पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


