Deoli News 13 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के जलदाय विभाग के समीप स्थित जनता कॉलोनी में ही लोग दो दिनों से जलापूर्ति के लिए तरस रहे हैं। लिहाजा लोगों को पानी के अभाव में परेशानी उठानी पड़ी।
वार्ड पार्षद लोकेश लक्षकार ने बताया कि शनिवार व रविवार को 2 दिन जनता कॉलोनी व इसकी आसपास की बस्तियों में जलदाय विभाग की ओर से होने वाली जल आपूर्ति नहीं हुई। लोग आपूर्ति का इंतजार करते रह गए। शनिवार को पहले दिन यह समस्या हुई। इसके बावजूद विभागीय कर्मचारियों ने इसकी अनदेखी कर ली। जिसकी वजह से रविवार को दूसरे दिन भी लोगों को जलापूर्ति के लिए परेशान होना पड़ा। उन्होंने बताया कि मौजूदा समय में गर्मी के साथ घरों में दीपावली के त्यौहार को लेकर साफ सफाई की जा रही है। ऐसे में लोगों को पानी की आवश्यकता है। विभाग की कनिष्ठ अभियंता हिना का कहना है कि वाल्व खराब होने की परेशानी की वजह से रविवार को जलापूर्ति बाधित हुई है। शनिवार को जलापूर्ति सही हुई थी। वॉल्व मरम्मत के लिए भेज दिया है। सोमवार को सप्लाई नियमित हो जाएगी।



