Deoli News 27 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के एजेंसी एरिया नेवर बाग क्षेत्र स्थित अनुसूचित जाति जनजाति के लिए संचालित बापा छात्रावास भूखंड की नीलामी पर रोक लगाने की मांग को लेकर शुक्रवार को लोगों ने सीएम के नाम एसडीओ को ज्ञापन सौपा है।
ज्ञापन में बताया कि एजेंसी एरिया वार्ड नं 22 में ब्रिटिश काल से एक भवन में वर्षों से अनुसूचित जाति, जनजाति के छात्रों के अध्ययन के लिए बापा छात्रावास था। छात्रावास का संचालन समाज कल्याण विभाग की ओर से किया जाता है। लेकिन उक्त भवन के क्षतिग्रस्त व जीर्ण शीर्ण होने से इसे खाली कर दिया गया और नगर पालिका की ओर से उक्त भवन को जमीदोंज कर दिया गया। इस दौरान नगर पालिका ने समाज कल्याण विभाग व विद्यार्थियों को मौखिक रूप से आश्वासन दिया था कि उक्त भूखंड पर पुनः छात्रावास का निर्माण किया जाएगा। लेकिन उक्त छात्रावास भूखंड की नीलामी का फैसला लेकर नगर पालिका ने अनुसूचित जाति व जनजाति के विद्यार्थियों के साथ खिलवाड़ किया है। ज्ञापन में बताया कि शहर के 25 वार्डों में कहीं पर भी एससी, एसटी वर्ग के छात्रों के लिए छात्रावास नहीं है। ऐसे में भूखंड नीलामी का यह कदम इन छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। ज्ञापन में अभिलंब रूप से उक्त भूखंड के नीलामी पर रोक लगाने की मांग की तथा छात्रावास निर्माण करने का आग्रह किया गया। वहीं ऐसा नहीं करने पर एससी, एसटी वर्ग के छात्र-छात्राओं की ओर से धरना प्रदर्शन, अनशन, हड़ताल करने की चेतावनी दी। ज्ञापन सौपने में राजेश मीणा, प्रधान मीणा, देवराज, सुमित, नरेश, अशोक, राजू समेत कई लोग थे।
स्कूल में इनवर्टर और बैटरी भेट की
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय डाबर कला में नैना देवी कहार की स्मृति में शैतान कहार ने 21 हजार रुपए की लागत से इनवर्टर और बैटरी विद्यालय में भेंट की। इस मौके पर कार्यवाहक प्रधानाचार्य आशा मीणा, शांति देवी कहार, शारीरिक शिक्षक खेमराज मीणा, एसएमसी अध्यक्ष रामसिंह मीणा, शैतान कहार, लक्ष्मण कहार, कंवरी लाल खटीक, हेमराज कहार, मीडिया प्रभारी राम रतन कुमावत थे।


