भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा आज
Deoli News 8 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) स्थानीय सीट पर हो रहे विधानसभा उपचुनाव को लेकर शुक्रवार दोपहर एक बजे प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा देवली आएंगे और अपने संबोधन के साथ मतदाताओं को पार्टी प्रत्याशी को जिताने की अपील करेंगे।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री शर्मा केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल स्थित हेलीपैड पर उतरेंगे। इसके बाद वह कारों के जरिए सभा स्थल हायर सेकेंडरी परिसर पहुंचेंगे। जहां आमजन के लिए डोम बनाया गया है। गुरुवार सुबह तक डोम निर्माण व बैठक व्यवस्था का कार्य चल रहा है। जिसे अंतिम रूप दिया जा रहा है। वही शहर व देहात मंडल में नेता संपर्क कर अधिक से अधिक लोगों एवं कार्यकर्ताओं को उक्त जनसभा में शामिल करने के लिए संपर्क साध रहे हैं। दोपहर मुख्यमंत्री भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में संबोधन देंगे। जबकि इससे पहले ऊर्जा मंत्री, जलदाय मंत्री, भीलवाड़ा सांसद समेत नेता जनसभा की तैयारी एवं इसके सफल आयोजन के लिए जुटे हैं। अब मतदान से केवल 4 दिन से चले गए हैं। पांचवें दिन 3 लाख से अधिक मतदाता बीजेपी कांग्रेस समेत निर्दलीय प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला निश्चित करेंगे। इसके अलावा स्थानीय निर्वाचन क्षेत्र में प्रवास पर चल रहे विभिन्न क्षेत्रों के विधायक अपने समाज की मीटिंगों के माध्यम से भी पार्टी को जिताने की जुगत में लगे हैं। खास बात यह है कि इस बार कोई भी राजनीतिक व्यक्ति जो उस निर्वाचन क्षेत्र का मतदाता या अभ्यर्थी नहीं है अथवा सांसद या विधायक नहीं है। वह उस निर्वाचन क्षेत्र में चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद नहीं ठहर सकता। उन्हें निर्वाचन क्षेत्र छोड़ना होगा। जानकारी के अनुसार बीती रात शहर की अग्रवाल धर्मशाला में वैश्य समाज की बैठक हुई। इसमें सभी वैश्य वर्ग को एकजुट होने को कहा गया। हालांकि इस बीच सांसद दामोदर प्रसाद अग्रवाल की वैश्य समाज के नेताओं की टिकट के लिए पैरवी नहीं करने की बात को लेकर नोक झोक भी हुई। कुल मिलाकर अन्य सीटों के अलावा देवली उनियारा विधानसभा सीट भी खुद सरकार लड़ रही है। सरकार के लिए यह सीट प्रतिष्ठा का सवाल बनी है।
लिहाजा सरकार के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री, सांसद, विधायक पूरी ताकत लगाए हुए हैं। भाजपा समेत कांग्रेस के नेता माइक्रो मैनेजमेंट के जरिए चुनाव जीतने का प्रयास कर रहे। आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी है। निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीणा को कांग्रेस ने निलंबित कर दिया है। गावों में लोग चुनाव को त्रिकोण मान रहे हैं। सभी दलों के नेता मतदाताओं की मान मनोव्वल में जुटे हैं। कई नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। वहीं भीतरघात भी चुनौती रहेगी। विशेषकर यह भाजपा औऱ कांग्रेस के लिए बड़ी दिक्कत होगी।



