व्यवस्थाओं से संतुष्ट पाई जिला कलक्टर
Deoli News 21 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर में गुरुवार सुबह जिला कलक्टर कल्पना अग्रवाल ने राजकीय चिकित्सालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मरीजों से भी सीधा संवाद किया।

निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. राजकुमार गुप्ता के साथ वार्डों का दौरा किया और एक-एक करके सभी मरीजों से उनके इलाज और मिलने वाली सुविधाओं, दवाइयों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से भी चर्चा की और अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं व लोगों ने अस्पताल में ब्लड बैंक शुरू करने की मांग की। कलक्टर ने कहा कि इस संबंध में जो भी जरूरी कार्रवाई होगी, वे करेंगी।
कलक्टर अग्रवाल ने अस्पताल परिसर में बने डॉक्टरों के क्वार्टरों और कॉटेज की स्थिति देखी। उन्होंने चिकित्सालय प्रशासन को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखा जाए और मरीजों को किसी भी तरह की परेशानी न हो। मीडिया से बातचीत में जिला कलक्टर ने बताया कि चिकित्सालय की व्यवस्थाएं मोटे तौर पर संतोषजनक हैं। उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ में जाकर उन्होंने जो भी मरीजों से बात की, वे इलाज की व्यवस्था और दवा वितरण से संतुष्ट पाए गए। उन्होंने बताया कि बिल्डिंग की मरम्मत का एक मुद्दा सामने आया है, जिसके लिए आवश्यक स्वीकृति जल्द ही जारी की जाएगी। बारिश के बाद मरम्मत काम शुरू किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि फार्मासिस्ट की कमी का जो मुद्दा कुछ दिनों पहले सामने आया था, उसे हल कर दिया गया है। अब अस्पताल में तीनों दवा वितरण केंद्र चालू हैं, और दो और फार्मासिस्टों की नियुक्ति कर दी गई है। कलक्टर ने अन्नपूर्णा रसोई का भी निरीक्षण किया और भोजन की गुणवत्ता को भी चखा। उन्होंने बताया कि रसोई पर लोगों का विश्वास है और बड़ी संख्या में मरीज और उनके परिजन यहां भोजन ले रहे हैं। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता में सुधार के लिए भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी सामान्य व्यवस्थाएं संतोषजनक हैं।
इस दौरान जिला कलक्टर ने चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. राजकुमार गुप्ता, डॉ. सुधीर माथुर, डॉ. राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, डॉ. रजनीश गौत्तम, डॉ. सुमन माथुर, डॉ. गोपाल मीणा समेत चिकित्साकर्मियों से बातचीत की। इसके अलावा स्थानीय प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे। इसी तरह देवली उपकोषाधिकारी ऑफिस का निरीक्षण किया।


