-
पनवाड़ मोड़ के आगे हुआ हादसा
-
शॉर्टकट के चक्कर में चली गई जान
-
हाईवे पर यातायात वन वे किया
Deoli News 7 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राष्ट्रीय राजमार्ग जयपुर पर पनवाड़ मोड़ के करीब सोमवार अपरान्ह ढाई बजे एक ट्रेलर व कंटेनर में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। उक्त हादसे में ट्रेलर सवार खलासी की मौत हो गई। घटना के बाद राजमार्ग पर वाहनों का जाम लग गया। वहीं सूचना पर देवली थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
सहायक उप निरीक्षक करण सिंह ने बताया कि मृतक 45 वर्षीय राजू शर्मा पुत्र प्रहलाद शर्मा निवासी पगारा, थाना हिंडोली जिला बूंदी की मौत हुई है। जबकि ट्रेलर मालिक एवं चालक हर्षवर्धन सिंह पुत्र गोवर्धन सिंह निवासी पगारा थाना हिंडोली के हल्की फुल्की चोट आई है। सूचना पर देवली थाना प्रभारी राजकुमार नायक मौके पर पहुंचे और हादसे की जानकारी ली। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक राजू शर्मा है, जो की ट्रेलर का खलासी है। बताया गया कि ट्रेलर चालक हर्षवर्धन सिंह वाहन को विपरीत साइड में ले जाकर पनवाड़ मोड़ से आगे पेट्रोल पंप पर डीजल भराने जा रहा था। इस दौरान जयपुर की ओर से आए कंटेनर से ट्रेलर की भिड़ंत हो गई। इस भिड़ंत में ट्रेलर का खलासी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
वहीं इस दिशा में बैठे राजू शर्मा गंभीर घायल हो गया। दोनों वाहनों की टक्कर से खलासी फंस गया। जिसे मशक्कत कर बाहर निकाला। वहीं देवली अस्पताल ले जाने पर चिकित्सक डॉ. रविराज सिंह ने जांच किए जाने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, सूचना पर देवली थाना प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक लक्ष्मण सिंह, हेड कांस्टेबल सुरेश कुमार ने यातायात को डायवर्ट किया। यहां हाईवे पर यातायात वन वे किया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि ट्रेलर में चावल भरे हैं। वहीं कंटेनर में पार्सल लदे हैं। ट्रेलर में चावल भरे होने की वजह से इनको हटाना मुश्किल साबित हो रहा है। फिलहाल शव राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है।



